कहां लापता हो गए 200 हिस्ट्रीशीटर बदमाश? ढूंढने वाले को इनाम देगी अलीगढ़ पुलिस
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में करीब 200 हिस्ट्रीशीटर बदमाश पुलिस रिकॉर्ड से लापता हो गए हैं. अलीगढ़ पुलिस ने इनकी तलाश के लिए विशेष अभियान शुरू किया है. एसएसपी ने इन लापता बदमाशों का सत्यापन कराने वाले बीट कांस्टेबल को 1000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है.
आपने कोई सामान खो जाने की खबरें खूब सुनी होंगी, लेकिन उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में तो अपराधी ही खो गए हैं. वो भी एक दो नहीं, पुलिस के रिकॉर्ड में करीब 200 हिस्ट्रीशीटर अपराधी लापता हैं. इन बदमाशों की तलाश के लिए अलीगढ़ पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है. एसएसपी नीरज सिंह जादौन ने ऐसे बदमाशों को ढंढकर उनका सत्यापन कराने वाले बीट कांस्टेबल के लिए 1000 रुपये का इनाम देने की घोषणा की है.
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक अलीगढ़जिले में दो हजार से अधिक बदमाशों की हिस्ट्रीशीट है. इनमें से करीब 1800 बदमाशों का तो सत्यापन हो चुका है, लेकिन लगभग 200 बदमाश पुलिस को ढूंढे नहीं मिल रहे. अलीगढ़ पुलिस लाइन में हुई क्राइम मीटिंग के दौरान ये मामला सामने आया. एसएसपी नीरज सिंह जादौन ने इस गंभीर बताया. उन्होंने सभी बीट कांस्टेबल के लिए टास्क तय करते हुए सभी बदमाशों को ढूंढने और उनके सत्यापन के निर्देश दिए हैं.
काम का काम, ऊपर से इनाम
वैसे तो अपने बीट के बदमाशों पर नजर रखने की जिम्मेदारी संबंधित बीट कांस्टेबल की होती है, लेकिन इसी जिम्मेदारी का निर्वाह करने पर इनाम ऊपर से मिलने वाला है. बैठक में एसएसपी नीरज सिह जादौन ने अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को एक्टिव होने की सीख दी. उनकी जिम्मेदारी बताई और टास्क दिया कि वह अपने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर बदमाशों की पूरी जानकारी रखें. वहीं जो लापता हैं, उनकी तलाशकर सत्यापन कराएं.
116 पुलिसकर्मियों को मिला प्रशस्ति पत्र
बैठक में एसएसपी ने कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की समीक्षा की. इस दौरान उल्लेखनीय काम करने वाले 116 पुलिसकर्मियों को उन्होंने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया. वहीं बाकी पुलिसकर्मियों को भी अपने काम और उत्तरदायित्व का जिम्मेदारी पूर्वक निर्वहन के लिए प्रेरित किया. पुलिस कर्मियों को यह सम्मान चौकी और हल्का क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने में योगदान देने के लिए मिला है.