वाह रे अमेठी पुलिस! चारपाई से उठ तक नहीं पाती 82 साल की महिला को बना दिया मारपीट का मुलजिम

अमेठी पुलिस ने बीएलओ निशा यादव और उनकी 82 साल की नानी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. निशा यादव का कहना है कि हम लोगो को मारा गया. फिर उल्टे हमारे खिलाफ ही मुकदमा भी दर्ज कर दिया गया. यहां तक हमारी जो नानी 82 साल की हैं, चल भी नहीं पाती, उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कर लिया गया.

अमेठी में 82 साल की महिला के खिलाफ मारपीट का मुकदमा Image Credit:

उत्तर प्रदेश के जनपद अमेठी में पुलिस की अतिसंवेदनहीनता का बड़ा मामला सामने आया है. यहां सालों बीमार पड़ी और चारपाई से भी उठ पाने में असमर्थ 82 साल की बुजुर्ग महिला के खिलाफ पुलिस ने कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया है. अब बुजुर्ग महिला की पोती अपनी नानी के न्याय के लिए कई दिनों से अधिकारियों के कार्यालय का चक्कर लगा रही है. लेकिन उसकी बात पुलिस महकमा सुनने को तैयार नहीं है.

यह मामला जनपद के अमेठी कोतवाली के नौगिरवा गांव का है. यहां की रहने वाली निशा यादव ने आरोप लगाया कि वे 2 मार्च को नौगिरवा प्राथमिक विद्यालय में बीएलओ के तहत एसआईआर का काम कर रही थीं. इस दौरान उनके घर के बगल के रहने वाले दयाराम कश्यप ने अपने पिता के नाम के आगे ‘श्री’ लगाने को लेकर विवाद खड़ा कर दिया. फिर SIR की नोटिस को फाड़ते हुए और बीएलओ को धमकी देते हुए वहां से चले गए.

बीएलओ निशा यादव ने लगाया मारपीट का आरोप

बीएलओ निशा यादव के मुताबिक दयाशंकर कश्यप रात 8 बजे अपने समर्थकों के साथ उनके घर पहुंचे. उनके और घरवालों के साथ मारपीट की. इस हमले में उन्गें को बुरी तरह चोट आई. किसी तरह से उन्होंने 112 नंबर पर कॉल किया. पुलिस के आने के बाद किसी तरह उनकी जान बच पाई. बीएलओ ने आगे बताया कि कि इतना होने के बाद दयाशंकर कश्यप ने दूसरे दिन उनके और उनकी 82 साल की बुजुर्ग नानी और बाहर रहने वाली बहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया.

बुजुर्ग महिला ने अपने खिलाफ लिखे मुकदमे की जांच की मांग की

बीएलओ निशा यादव ने कहा कि हम लोगो को मारा गया. फिर उल्टे हमारे खिलाफ ही मुकदमा भी दर्ज कर दिया गया. अब नाम हटाने के लिए पुलिस हमसे 25 हजार रुपये मांग रही है. वहीं, बुजुर्ग महिला ने कहा कि हमारी पोती को धमकी दी जाती है. एसआईआर का कागज फाड़ दिया. हम कई सालों से चारपाई से उठ नहीं पाते हमारे ऊपर भी मुकदमा लिखवा दिया गया. हमारे खिलाफ लिखे मुकदमे की जांच होनी चाहिए.

पुलिस ने क्या बताया?

अब मसले पर अमेठी कोतवाली थाना प्रभारी रवि सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र में उम्र नहीं लिखी थी. इसलिए बुजुर्ग महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया. हालांकि, अब असल उम्र की जानकारी हो गई है तो जांच के बाद एफआईआर से नाम हटा दिया जाएगा. फिलहाल, इस मामले के सामने आने के बाद लोग पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठा रहे हैं.