17 दिन पहले हुई शादी, पेट में उठा दर्द; अस्पताल ले गए तो… मायके से ससुराल तक हड़कंप
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में 17 दिन पहले हुई शादी में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. नवविवाहिता को पेट दर्द होने पर अस्पताल ले जाया गया, जहां वह ढाई महीने की गर्भवती निकली. इस घटना से मायके और ससुराल दोनों जगह हड़कंप मच गया है. दूल्हे ने धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है.
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां 17 दिन पहले ब्याह कर आई एक दुल्हन के पेट में तेज दर्द हुआ. परिजन अस्पताल तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दुल्हन को ढाई महीने की प्रेग्नेंट बता दिया. डॉक्टर की इस रिपोर्ट को देखते ही दुल्हन के वैवाहिक जीवन में भूचाल आ गया है. उसके ससुराल में तो बवाल मचा ही है, मायके में भी हड़कंप की स्थिति है. अब ससुरालियों ने इस दुल्हन को अपनाने से मना कर दिया है.
विवाद बढ़ने पर दोनों पक्षों ने पुलिस को सूचना दी. इसके बाद पुलिस मामले का समाधान निकालने की कोशिश में जुटी है. पुलिस के मुताबिक मामला अमरोहा में डिडौली कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गांव का है. यहां रहने वाले एक युवक की शादी बीते 28 जनवरी को संभल जिले के असमोली थाना क्षेत्र में रहने वाली युवती के साथ हुई थी. इस शादी के बाद दूल्हा खुशी खुशी अपनी दुल्हन को विदा कर घर ले आया, लेकिन एक सप्ताह के अंदर ही दुल्हन को पेट में दर्द की शिकायत आ गई.
अल्ट्रासाउंड रिपोर्ट में हुआ खुलासा
दुल्हन के पति एवं अन्य ससुरालियों ने पहले इसे सामान्य घटना माना और घरेलू उपचार दिया. बावजूद इसके दुल्हन का दर्द कम नहीं हुआ तो उसे 17वें दिन यानी 13 फरवरी को अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने लक्षण देखकर ही अल्ट्रासाउंड की सलाह दी. इसके बाद जब रिपोर्ट आई तो दूल्हे के पांवों तले जमीन खिसक गई. दरअसल रिपोर्ट में दुल्हन को ढाई महीने का प्रेग्नेंट बताया गया था. उसे शक हुआ तो उसने रिपोर्ट लेकर डॉक्टर से दोबारा बात की. इसमें डॉक्टर ने साफ तौर पर कह दिया कि 11 हफ्ते की प्रेग्नेंसी है.
फिर हुआ बवाल
मामला सामने आने के बाद दूल्हे के घर में हड़कंप मच गया. लोग पूछने लगे कि 17 दिन पहले हुई शादी तो ढाई महीने की प्रेग्नेंसी कैसे. तुरंत मामले की जानकारी दुल्हन के मायके वालों को दी गई. वहीं जब उनके आने में देरी हुई तो दुल्हन को ही मायके भेज दिया गया. दूल्हे ने आरोप लगाया कि ससुरालियों ने जानबूझकर सच्चाई को छुपाई है. पीड़ित दूल्हे ने इस संबंध में डिडौली कोतवाली में तहरीर देते हुए दुल्हन और उसके घर वालों पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है.