शादी में खर्च के लिए नहीं थे पैसे, दूल्हे ने उठा लिया ऐसा कदम; खानी पड़ गई जेल की हवा

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में शादी के खर्च के लिए एक युवक ने किन्नर के घर में सेंधमारी कर 15 लाख से अधिक के जेवर चुरा लिए. पुलिस ने आरोपी दूल्हे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. अब उसकी शादी पर संकट मंडरा रहा है और वह जेल से जमानत का इंतजार कर रहा है, जिससे यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है.

सांकेतिक तस्वीर

उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक अपनी शादी में खर्च के पैसों की व्यवस्था के लिए चोर बन गया. उसने एक किन्नर के घर में सेंध काटी और 15 लाख से अधिक कीमत के माल पर हाथ साफ कर दिया. हालांकि सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर जेल भेज दिया है. इधर, उसकी शादी डेट करीब आ रही है, और जेल में बैठकर जमानत का इंतजार कर रहा है.

मामला अमरोहा जिले में सैंदनगली थाना क्षेत्र का है. पुलिस के मुताबिक इस गांव में रहने वाले उस्मान की शादी तय हो गई थी, लेकिन उसके पास अपनी शादी में खर्च के लिए पैसे नहीं थे. ऐसी स्थिति में उसने एक किन्नर के घर की रेकी की और मौका देखकर घर में से लाखों रुपये के गहने उड़ा लिए. जानकारी होने पर किन्नर ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया. वहीं पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपी को दबोच लिया है.

15 लाख के जेवर बरामद

पुलिस पूछताछ में आरोपी उस्मान ने वारदात को स्वीकार किया. बताया कि जल्द ही उसकी शादी होने वाली है. इस शादी में खर्च के लिए रुपयों की व्यवस्था के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 15 लाख रुपए से अधिक कीमत के सोने चांदी के जेवरात बरामद किए हैं. जरूरी पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है.

अब शादी पर मंडराया संकट

अब आरोपी जेल में है. वहीं उसकी शादी की तारीख करीब आ गई है. ऐसे में उसकी शादी पर ही संकट खड़ा हो गया है. सवाल उठ रहा है कि क्या ये शादी अब जेल में ही होगी? या उसे जमानत मिलेगी. आरोपी ने भी शादी के लिए कोर्ट में जमानत अर्जी लगाई है. इधर, पुलिस मामले की मजबूत चार्जशीट बनाने में जुटी है.

Follow Us