अमरोहा शादी में बिरयानी पर बवाल, लेग पीस नहीं मिला तो भिड़े बाराती, जमकर चलीं कुर्सियां

अमरोहा के एक शादी समारोह में बिरयानी को लेकर बवाल मच गया. बिरयानी में लेग पीस नहीं मिलने पर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. बैंक्विट हॉल जंग का मैदान बन गया, जहां मेहमानों के बीच कुर्सियां चलीं और भगदड़ मच गई. इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

अमरोहा शादी में बिरयानी के लेग पीस पर बवाल

अमरोहा में एक शादी समारोह उस वक्त जंग का मैदान बन गया, जब बिरयानी में लेग पीस नहीं मिलने पर बाराती भड़क गए. लेग पीस को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल है, जिसमें मेहमान कुर्सियां फेंक रहे हैं और लात-घूसों से हमला कर रहे हैं. शादी में भगदड़ जैसे हालात बन गए.

दरअसल. अमरोहा जनपद के हसनपुर नगर स्थित एक बैंक्विट हॉल में हैबतपुर बंजारे से आई बारात ठहरी हुई थी. शादी का माहौल खुशियों से भरा था, लेकिन खाने के दौरान बिरयानी में लेग पीस को लेकर कुछ लोगों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते मामूली विवाद ने उग्र रूप ले लिया, जो बारातियों और स्थानीय लोगों के बीच मारपीट में बदल गई.

बिरयानी में लेग पीस गायब, जमकर टूटीं कुर्सियां

इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो में कुछ लोग एक-दूसरे के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं. गुस्साए लोगों ने कुर्सियां तक उठा लीं और एक-दूसरे पर फेंकनी शुरू कर दी, जिससे काफी चीख पुकार भी मच गई.

जानकारी के मुताबिक, विवाद तब भड़का जब बाराती पक्ष में से एक की थाली में परोसी गई बिरयानी में लेग पीस गायब था, इतने में उनका साराती पक्ष से बहस हो गई और यह मारपीट में तब्दील हो गई. कई लोगों ने तो पीनी बोतलों को उठाकर हमला शुरू कर दिया. शादी जैसे खुशियों भरे माहौल में अचानक हुई इस हिंसा से हर कोई सहम गया.

हंगामा को लेकर पुलिस को बुलाने की नौबत पड़ी

काफी देर तक हंगामा चलता रहा. इस बीच पुलिस को बुलाने की नौबत आन पड़ी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाते हुए हालात को काबू में किया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us