एक दुल्हन की आई 2 बारात, हुआ बवाल तो पहुंची पुलिस; एक दूल्हा पहुंचा थाने
अमरोहा में एक दुल्हन के लिए दो दूल्हे बारात लेकर पहुंचे, जिससे शादी समारोह में हड़कंप मच गया. एक दूल्हे से पहले रिश्ता तय हुआ था, लेकिन विवाद के बाद पिता ने दूसरे दूल्हे से शादी तय कर दी. हंगामे के बाद पुलिस को बुलाया गया. दुल्हन की मर्जी पूछी गई, जिसने परिवार के चुने दूल्हे को चुना. पुलिस ने दूसरे दूल्हे को थाने ले जाकर मामला शांत कराया.
उत्तर प्रदेश के अमरोहा में एक शादी समारोह के दौरान अजीब घटनाक्रम हुआ. यहां एक दुल्हन से शादी के लिए दो-दो दूल्हे बारात लेकर पहुंच गए. यह देखकर सब लोग हैरान रह गए. दोनों दूल्हे शादी की जिद करने लगे. ऐसे में पुलिस बुलानी पड़ी. फिर पुलिस ने दुल्हन की मर्जी पूछी और एक दूल्हे को अपने साथ थाने ले गई. इसके बाद दूसरे दूल्हे ने पारंपरिक रीति रिवाज के साथ दुल्हन संग शादी रचाई. मामला अमरोहा के नगर कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक बैंक्वेट हॉल का है.
पुलिस के मुताबिक यहां रहने वाली एक युवती की शादी के लिए रविवार को बैंक्वेट हॉल में समारोह का आयोजन किया गया था. संभल से बारात लेकर आए दूल्हे की खातिरदारी हो चुकी थी और निकाह पढ़ाने की तैयारी चल रही थी. ठीक इसी वक्त मुरादाबाद से भी एक दूल्हा बारात लेकर पहुंच गया. उसने दुल्हन से अपनी शादी तय होने की बात कहते हुए हंगामा शुरू कर दिया. इससे समारोह में बवाल की स्थिति बन गई. हालात को देखते हुए दुल्हन के परिजनों ने पुलिस बुला ली.
क्यों गहराया मामला?
पुलिस के मुताबिक दुल्हन के परिजनों ने करीब एक साल पहले मुरादाबाद में रहने वाले दूल्हे के साथ शादी तय किया था. शादी की तारीख 12 अप्रैल ही मुकर्रर थी, लेकिन कुछ दिन पहले दोनों पक्षों में विवाद होने की वजह से दुल्हन के पिता ने रिश्ता तोड़ दिया और उसी तारीख पर अपनी बेटी की शादी के लिए संभल में रहने वाले दूल्हे के साथ बातचीत कर ली. इस बातचीत के अनुसार संभल वाला दूल्हा बारात लेकर दुल्हन के घर पहुंच गया. उधर, दुल्हन के पिता के इनकार के बावजूद मुरादाबाद वाला दूल्हा शादी की जिद पर अड़ा रहा.
ऐसे निकला समाधान
मामला गहराने पर पहुंची पुलिस ने पहले दोनों दूल्हों से बातचीत की. इसके बाद दुल्हन के पिता से पूछताछ कर पूरी कहानी समझने का प्रयास किया. फिर दुल्हन की मर्जी पूछी. इस दौरान दुल्हन ने साफ कह दिया कि उसे अपने परिजनों की मर्जी के खिलाफ नहीं जाना. चूंकि परिजनों की मर्जी संभल वाले दूल्हे से शादी की थी, इसलिए पुलिस ने मुरादाबाद वाले दूल्हे को थाने में ले जाकर बैठा दिया. इधर, संभल वाले दूल्हे ने निकाह की रस्म पूरी कर ली. इसकी जानकारी होने पर पुलिस ने मुरादाबाद वाले दूल्हे को छोड़ दिया.
क्यों हुई दूल्हे की रुसवाई?
पुलिस की पूछताछ में मुरादाबाद वाले दूल्हे ने बताया कि पहले इस दुल्हन के साथ उसकी ही शादी तय हुई थी. सभी रिश्तेदारों को कार्ड बांट दिए गए थे. शादी की तैयारियां भी पूरी हो चुकी थी. इस बीच अचानक से दुल्हन के पिता ने शादी तोड़ दी. दुल्हन के पिता की इस हरकत से उसकी प्रतिष्ठा को चोट पहुंची है. उधर, दुल्हन के पिता ने शादी तय होने की बात तो स्वीकार की, लेकिन बताया कि लेनदेन को लेकर विवाद हुआ था. इसलिए उसे शादी तोड़नी पड़ी थी. इसके अलावा दुल्हन को भी ये रिश्ता पसंद नहीं था.