प्रेमजाल में फंसाया, 25 लाख ऐंठे, फिर वीडियो वायरल करने की धमकी… परेशान छात्रा ने उठाया खौफनाक कदम
औरैया में ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और धर्म परिवर्तन के दबाव से परेशान एक छात्रा ने अपनी जान दे दी. परिजनों ने 25 लाख रुपये और जेवरात ऐंठने के साथ अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप लगाया है. इस खौफनाक घटना से इलाके में हड़कंप मचा है.
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के दिबियापुर कोतवाली क्षेत्र में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में आत्महत्या के मामले ने सनसनी फैला दी है. परिजनों ने आरोप लगाया है कि कथित ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और धर्म परिवर्तन के दबाव से परेशान होकर छात्रा ने यह कदम उठाया. पुलिस ने मामले में दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मामला दिबियापुर कोतवाली क्षेत्र के हरचंदपुर मार्ग का है. यहां रहने वाली छात्रा साक्षी उर्फ पल्लवी ने सोमवार दोपहर घर में खुद को आग लगा ली. उस समय घर पर उसकी मां मौजूद नहीं थीं. गंभीर हालत में परिजन उसे पहले स्थानीय मेडिकल कॉलेज ले गए, जहां इलाज के बाद उसे सैफई रेफर कर दिया गया. लेकिन वहां पहुंचने पर उसकी मौत हो गई.
मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचने पर परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा. परिवार ने शव को घर के बाहर रखकर प्रदर्शन किया और आरोपियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की. सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया. मृतका की मां ने दो युवकों पर आरोप लगाया कि उनकी बेटी को प्रेमजाल में फंसाया था.
मृतका की मां प्रेमलता ने आरोप लगाया कि हनी उर्फ ताह और अंकुर नाम के दो युवकों ने उनकी बेटी को प्रेमजाल में फंसाया था. उनका आरोप है कि दोनों ने छात्रा के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी दी. इसी धमकी के जरिए कथित तौर पर 25 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर भी ऐंठ लिए गए.
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी छात्रा पर धर्म परिवर्तन का दबाव बना रहा था. उसके विरोध करने पर उसे लगातार बदनाम करने और वीडियो वायरल करने की धमकियां दी जा रही थीं, जिससे वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी.
थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 यानी आत्महत्या के लिए उकसाने के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. वहीं इस घटना ने क्षेत्र में कई सवाल खड़े कर दिए हैं – आखिर कब तक ब्लैकमेलिंग और धमकियों का शिकार होकर युवा अपनी जान गंवाते रहेंगे?