UP: ‘नागिन’ की खुली पोल, लापता युवती अपने पति संग पहुंची थाने; बोली- सब परिवार का ड्रामा
औरैया में एक युवती अपने प्रेमी संग फरार हो गई है. उसके कमरे से सांप की केंचुली मिलने से 'इच्छाधारी नागिन' की अफवाह उड़ी थी. अब युवती अपने पति संग थाने पहुंची, बताया कि 4 साल के प्रेम प्रसंग के बाद उन्होंने कोर्ट मैरिज की है. उसने सांप की केंचुली मिलने को परिवार का ड्रामा बताया.
औरैया में 10 फरवरी को एक युवती रहस्यमय ढंग से घर से गायब हो गई थी. उसके कमरे से कपड़ों के बीच सांप की केंचुली मिली, जिससे उसके ‘इच्छाधारी नागिन’ बन जाने की चर्चा शुरू हो गई थी. वहीं, अब ‘इच्छाधारी नागिन’ की अफ़वाह पर विराम लग गया है. लापता युवती अपने पति संग थाने पहुंची है, उसने कहा कि ‘नागिन’ का ड्रामा परिवार का था.
युवती ने पुलिस को बताया कि उसका प्रेम प्रसंग 4 साल से चल रहा था. दोनों ने घर से भागकर कोर्ट मैरिज कर ली है. युवती ने नागिन वाली खबरों को भी सिरे से खारिज किया, साथ ही इसे परिवार का किया ड्रामा करार दिया. फिलहाल पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर मेडिकल के लिए भेजा है. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है.
फफूंद थाना क्षेत्र के सीगनपुर गांव का है मामला
मामला औरैया जनपद के फफूंद थाना क्षेत्र के सीगनपुर गांव का है. परिवार के अनुसार, जब युवती कमरे में नहीं मिली तो बिस्तर और कपड़ों के बीच सांप की केंचुली, चूड़ी और सिंदूर रखा मिला. इसके बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. सूचना पर पहुंची पुलिस ने मोबाइल ट्रेसिंग के जरिए युवती के प्रेमी के साथ होने की पुष्टि की.
परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी. पुलिस क्षेत्राधिकारी ने नागिन की अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए लोगों से अपील की थी कि भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें. जांच पूरी होने तक धैर्य रखें. बीते दिन युवती ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर कहा कि वह अपनी मर्जी से गई है.
बिस्तर पर सांप की केचुली और सिंदूर कैसे रखा?
पुलिस ने युवती से पूछा कि बिस्तर पर सांप की केचुली और सिंदूर आपने कैसे रखा? उसने कहा कि एक केचुली पहले सांप ने छोड़ी थी, पापा ने दिखाई थी लेकिन यह दो कहा से आई जो वीडियो में दिखाई जा रही हमें नहीं मालूम. उसने बताया कि मेरे साथ में एक सांप लेटता था. एक बार मुझे काटा तो कुछ नहीं हुआ. एक बार नेवले ने नेवला काटा तो वह भी मर गया.
वहीं. इस मामले में फफूंद थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि लड़की को सकुशल बरामद कर लिया गया है. लड़की ने प्रेमी संग शादी करने की बात कही है. दोनों का मेडिकल कराया जा रहा है. युवती के मुताबिक, परिवार द्वारा बिस्तर पर केचुली रखकर ड्रामा किया गया था. वहीं, लड़की के साथ सांप लेटने की बात पूरी तरह फर्जी हैं.