UP में गर्मी दिखाने लगी अपना तेवर, चलने लगी है लू जैसी हवाएं, 40 डिग्री के पास पहुंचा पारा
यूपी में पारा 40 डिग्री के पास पहुंच गया है. आसमान में तेज धूप खिल रहा है.तेज हवाएं चल रही हैं, जिससे लू की स्थिति महसूस हो रही है. ऐसे में डिहाइड्रेशन से बचने के लिए लोगों से मौसम विभाग ने घर से बाहर कम निकलने और सावधान रहने की अपील की है.
गर्मी ने उत्तर प्रदेश में अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं.प्रदेश में अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार चला गया है. आने वाले दिनों यह पारा 43 डिग्री सेल्सियस पार कर सकता है या इससे भी अधिक पहुंच सकता है. मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक इस बार गर्मी का सीजन लंबा हो सकता है.
आज बुधवार को आसमान साफ रहने और तेज धूप के कारण तापमान में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी.तेज हवाओं के चलते लू जैसी स्थिति महसूस की जा सकती है.हवा की गति 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा रहने से गर्मी का असर और ज्यादा बढ़ जाएगा.
पिछले 24 घंटे में कैसा रहा मौसम का हाल
मंगलवार यानी 14 अप्रैल को भी आसमान साफ रहा. इस दौरान तेज धूप खिली रही. बांदा में अधिकतम तापमान 40 डिग्री पाया गया. अन्य जिलों का भी ऐसा ही हाल है. भीषण गर्मी के चलते दोपहर के बाद से सड़कों पर लोगों की संख्या कम दिखी. हीटवेव की स्थिति के चलते मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की अपील की है.
मौसम विभाग ने लोगों से की ये अपील
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की गर्म और सूखी हवाएं शरीर में पानी की कमी (डिहाइड्रेशन) का खतरा बढ़ा देती हैं. बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों पर इसका असर ज्यादा पड़ सकता है. ऐसे में मौसम विभाग ने लोगों से दोपहर के समय बिना जरूरी काम के बाहर न निकलने की अपील की है.
पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ का सेवन करने को कहा है. आईएमडी की तरफ से लोगों को सलाह दी गई है कि धूप में निकलते समय सिर और शरीर को ढककर रखें. बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखें और हीटवेव के लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें.
बांदा रहा सबसे गर्म जिला
प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान बांदा में दर्ज किया गया है. यहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री पाया गया. फिर, प्रयागराज में 39, वाराणसी में 38.8, ओरई में 38.2 डिग्री पाया गया. वहीं, न्यूनतम तापमान की बात करें, तो सबसे ठंडा इलाका 15.2 डिग्री के साथ नजीबाबाद रहा. फिर बस्ती 16.5, ओरई 16.6 और कानपुर में 16.8 डिग्री न्यूनतम तापमान पाया गया.