‘प्लीज आओ ना, बस एक बार…’ गर्लफेंड की तय हुई शादी, BF ने मिलने के बहाने बुलाया और घोंट दिया गला

उत्तर प्रदेश के महोबा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां गर्लफ्रेंड की शादी तय होने के बाद उसके बॉयफ्रेंड ने आखिरी बार मिलने के बहाने बुलाया और फिर गला घोंटकर हत्या कर दी. पुलिस ने युवती का शव बरामद कर लिया है और परिजनों की तहरीर पर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है.

पुलिस (सांकेतिक तस्वीर) Image Credit:

उत्तर प्रदेश के महोबा में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. यहां एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड को आखिरी बार मिलने के बहाने बुलाकर खुद अपने ही हाथों उसका गला घोंट दिया. मामला महोबा में शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में पहाड़ के पास का है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. वहीं युवती के परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज करते हुए दो लोगों को अरेस्ट किया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

महोबा की एडिशनल एसपी वंदना सिंह के मुताबिक मंगलवार की सुबह पुलिस कंट्रोल रूप में एक युवती का शव मिलने की सूचना आई थी. इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान शहर के ही एक मोहल्ले में रहने वाली 19 वर्षीय युवती के रूप में हुई. युवती के चेहरे पर चोट के निशान थे और गले पर हाथ से दबाने के भी निशान थे. पुलिस ने शव का पंचनामा कराने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

दो आरोपी अरेस्ट

इसके बाद युवती के पिता ने शहर में ही रहने वाले युवक सुमित और उसके दोस्त भूरा सिंह के खिलाफ नामजद तहरीर दी. आरोप लगाया कि उनकी बेटी को आरोपियों ने अगवा किया और बेरहमी से कत्ल कर दिया. पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी. इस दौरान पुलिस ने स्पष्ट किया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है. घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. यह फुटेज रात में दो बजे का है. इसमें युवती अकेले जाते हुए नजर आ रही है.

आरोपी ने फोन कर बुलाया था

पुलिस के मुताबिक युवती के फोन पर आखिरी कॉल आरोपी का ही था. संभव है कि उसने आखिरी बार मिलने के बहाने बुलाया और धोखे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी हो. दरअसल युवती के घर वालों ने उसकी शादी तय कर दी थी. सात जुलाई को बारात आने वाली थी. इसके चलते युवती ने भी घर से निकलना बंद कर दिया था. ऐसे में आरोपी ने उसे आखिरी बार मिलने का वास्ता देकर बुलाया और इस वारदात को अंजाम दिया.

Follow Us