एक दूजे के हुए हम दोनों… पहले बिस्तर पर छोड़ा केंचुल, अब बताया सच; सामने आया ‘नागिन’ का Video

उत्तर प्रदेश के औरैया में 'नागिन' बनकर फरार होने का नाटक करने वाली लड़की का रहस्य खुल गया है. रीना ने परिजनों को अंधविश्वास में उलझाने के लिए बिस्तर पर केंचुल छोड़ भागने का स्वांग रचा था, लेकिन अब उसने प्रेमी के साथ अपना एक वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में उसने बताया कि दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया है और केंचुल की कहानी सिर्फ घर वालों को भ्रमित करने के लिए थी.

'नागिन' ने खुद बताया पूरा सच Image Credit:

उत्तर प्रदेश के औरैया में बिस्तर पर केंचुल छोड़कर फरार हुई ‘नागिन’ के रहस्य का खुलासा हो गया है. दरअसल यहां घर से लापता हुई लड़की नागिन बनी नहीं थी, बल्कि अपने प्रेमी को पाने और घर वालों को अंधविश्वास में उलझाने के लिए उसने नाग-नागिन कर खेल खेला था. अब उसने खुद सोशल मीडिया में एक वीडियो अपलोड किया है. इस वीडियो में वह एक युवक के साथ नजर आ रही है और कह रही है कि हम दोनों ने शादी कर ली है.

जानकारी के मुताबिक औरैया के अजीतमल थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 20 वर्षीय लड़की रीना 8 फरवरी की रात संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गई थी. उस रात वह घर वालों के साथ खाना खाने के बाद सबके सामने ही कमरे में सोने चली गई थी. अगली सुबह यानी 9 फरवरी को जब उसके कमरे से कोई हरकत नहीं आई तो परिजनों ने जाकर देखा. वहां का नाजारा देखते ही उसके घर वालों के होश उड़ गए.

बिस्तर पर पड़ा था केंचुल

कमरे में रीना तो थी नहीं, बल्कि उसके बिस्तर पर एक काले स्वेटर में लिपटा 5 फीट लंबे सांप का केंचुल पड़ा था. इस बिस्तर पर ही सिंदूर, गले का काला धागा और टूटी चूड़ियां भी पड़ी थीं. यह देखकर परिजनों ने शोर मचाना शुरू कर दिया. शोर सुनकर पड़ोसी भी आ गए और अफवाह उड़ गई कि रीना नागिन बन गई और केंचुल छोड़कर लापता हो गई है. गांव के लोग भी इस अंधविश्वास में पड़कर इसे दैवीय चमत्कार मानने लग थे. हालांकि परिजनों ने पुलिस में रीना की गुमशुदगी भी दर्ज कराई थी.

वायरल हो रहा वीडियो

घर से भागने के बाद रीना ने अपने इंस्टाग्राम एकाउंट से एक वीडियो जारी किया है. इस वीडियो में वह गांव के ही रहने वाले अपने प्रेमी के साथ नजर आ रही है और क रही है कि वह दोनों एक दूजे के हो चुके हैं. दोनों ने शादी कर ली है. उधर, रीना के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज करने के बाद इसे प्रेम प्रसंग का मामला बताया था. पुलिस ने पहले ही परिजनों को बता दिया था कि यह कोई चमत्कार नहीं, बल्कि लड़की द्वारा घर वालों को गुमराह किया गया है. अब यह वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कहानी पुष्ट हो गई है.

वीडियो में खुद बताया सच

रीना ने अपने वीडियो में केंचुल और सुहाग के सामान का रहस्य उजागर किया है. उसने बताया कि घर से भागने और प्रेमी के साथ शादी करने में थोड़ा वक्त लगना था, इसलिए यह सब घर वालों को थोड़ी देर के लिए उलझाकर रखने के लिए ऐसा किया था. हालांकि बिस्तर पर सुहाग का सामान रखकर उसने संदेश भी देने की कोशिश की थी उसने शादी कर ली है. उसने अपने वीडियो में साफ तौर पर कहा है कि उसने अपनी मर्जी से शादी की है, इसलिए उन्हें परेशान ना किया जाए.

Follow Us