औरैया में सपा नेता की दबंगई, ताजी बनी RCC सड़क पर दौड़ा दी फॉर्च्यूनर; बीजेपी ने बताया गुंडा
औरैया में एक सपा नेता द्वारा निर्माणाधीन आरसीसी सड़क पर कार चलाने का वीडियो वायरल हो गया है. बताया जा रहा है कि यह सड़क सांसद निधि से बन रही है. वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है. बीजेपी ने इसे सपा की विकास विरोधी मानसिकता बताया हुए निशाना साधा है.
औरैया जनपद के एरवाकटरा विकासखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत रामपुर खास में लोक निर्माण विभाग द्वारा सड़क का निर्माण किया जा रहा है. वहीं, ताजा बनी RCC सड़क समाजवादी पार्टी नेता द्वारा फॉर्च्यूनर दौड़ाने का वीडियो सामने आया है. कार पर सपा का झंडा लगा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इससे राजनीतिक में हलचल मच गई है.
बताया जा रहा है कि यह सड़क सांसद निधि से बन रही है. वीडियो सामने आने के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है. मामला उस समय का बताया जा रहा है जब गांव में आरसीसी सड़क का निर्माण कार्य जारी था. इसी दौरान सपा का झंडा लगा एक फॉर्च्यूनर कार को निर्माणाधीन हिस्से से गुजरते देखा गया.
‘सपा का झंडा लगा गाड़ी में बैठा है एक गुंडा’
घटना के समय मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क अभी पूरी तरह तैयार नहीं हुई थी. उस पर भारी वाहन चलाने से गुणवत्ता प्रभावित हो सकती है. हालांकि, निर्माण एजेंसी या संबंधित विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो को लेकर बीजेपी उत्तर प्रदेश ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है. एक्स पोस्ट में लिखा है, ‘जिस गाड़ी पर लगा है सपा का झंडा, उसमें बैठा है एक गुंडा.’ साथ ही बीजेपी ने इसे जनता और विकास विरोधी मानसिकता करार दिया है.
‘न तो जनता की चिंता है और न ही विकास की’
बीजेपी यूपी ने एक्स पोस्ट में लिखा, ‘यह बात एक बार फिर चरितार्थ होती दिखी. अखिलेश यादव के पदचिह्नों पर चलने वाले उनके सपाई गुंडों की करतूत हमेशा विकास को कुचलने की ही रहती है. ग्रामीण क्षेत्र में विकसित की जा रही नई सड़क पर फर्राटा भरते सपा नेता की गाड़ी इस बात का प्रमाण है कि न तो इन्हें जनता की चिंता है और न ही विकास की.’
फिलहाल, समाजवादी पार्टी की ओर से अपने नेता द्वारा निर्माणाधीन सड़क पर कार दोड़ाने और बीजेपी के आरोप पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. हालांकि, मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है और सोशल मीडिया पर बयानबाज़ी तेज हो गई.