नकली पिस्टल और बुर्का… अयोध्या में ज्वैलरी की दुकान में लूट करने वाली युवती निकली हिंदू
अयोध्या में बुर्का पहनकर ज्वेलरी की दुकान से लूट करने वाली युवती असल में हिंदू निकली. वारदात में उसने जिस पिस्टल का इस्तेमाल किया, वह भी नकली निकला. फिलहाल, वह अपने बॉयफ्रेंड के साथ अयोध्या से भागने की फिराक में थी. लेकिन पुलिस ने वक्त रहते दोनों को गिरफ्तार कर लिया.
अयोध्या में ज्वेलरी शॉप पर पिस्टल दिखा कर बुर्का पहने एक लड़की ने 3.6 लाख का सोने का हार और चेन लूट लिया था. अब इस मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. पुलिस के मुताबिक बुर्का पहनकर लूट करने वाली लड़की हिंदू निकली. उसने इस वारदात को अपने बॉयफ्रेंड के साथ मिलकर अंजाम दिया. साथ ही उसने जिस पिस्टल का इस्तेमाल किय वह खिलौना यानी नकली पिस्टल थी. लड़की का नाम पायल है और लड़के का राहुल. फिलहाल, दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है.
सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी वारदात
लूट की पूरी वारदात ज्वैलरी की दुकान में लगे 6 सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी. सीसीटीवी में साफ दिख रहा है कि 12 बजकर 30 मिनट पर एक लड़की-एक लड़के के साथ बाइक से आती है. लड़का ज्वेलरी शॉप से कुछ दूर पर बाइक लेकर खड़ा हो जाता है. बुर्का पहनी हुई लड़की नकली पिस्टल दिखाकर दुकान से 3.6 लाख का सोने का हार और चेन लूट लेती है. फिर लड़के के पास पहुंचती है और दोनों बाइक से फुर्र हो जाते हैं.
अयोध्या से भागने की फिराक में थे पायल और राहुल
ADG जोन लखनऊ प्रवीण कुमार ने बताया कि वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों अयोध्या से बाहर भागने की फिराक में थे. लेकिन पुलिस ने वक्त रहते पकड़ लिया गया. नकली पिस्टल और बुर्का बाजार से राहुल खरीदकर लाया था. वहीं, लड़की पायल ने घटना को अंजाम दिया. ये घटना रुदौली कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कोठी बाजार की है और यह जगह राम मंदिर से 45 किलोमीटर दूर है.
पायल ने ऐसे दिया घटना को अंजाम
महेश कोठी बाजार में सोना-चांदी के व्यापारी हैं. उनकी घर से 900 मीटर दूर अग्रवाल कॉम्प्लेक्स में महेश ज्वेलर्स नाम से दुकान है. उनके दुकान पर पायल नाम की एक युवती अपने दोस्त राहुल के साथ पहुंची थी. पायल ने बुर्का पहन रखा थाय उसके पास एक पिट्ठू बैग था. दुकान के अंदर आते ही उसने महेश से सोने का हार और चेन खरीदने की बात कही. महेश ने उसके सामने एक सोने का हार और सोने की चेन रख दी. इस बीच महेश से पानी मांगा तो उन्होंने दुकान में काम करने वाले अंकित को पानी और समोसा लाने के लिए भेज दिया.
‘आगे बढ़े तो गोली मार दूंगी’
अंकित जब पानी और समोसे के साथ वापस लौटा तो पायल ने कहा कि वह समोसा नहीं खाती, उसके लिए मिठाई मंगा दी जाए. अंकित बर्फी लेने चला गया. इतने में पायल ने नकली पिस्टल निकाली और महेश पर पिस्टल तानते हुए कहा कि आगे बढ़े तो गोली मार दूंगी. फिर सोने की हार और चेन लेकर बॉयफ्रेंड राहुल के पास पहुंची. फिर वहां से दोनों बाइक से रफूचक्कर हो गए.