मैनपुरी में भयावह सड़क हादसे में 3 की मौत; रात भर लाश के ऊपर गुजरते रही गाड़ियां
मैनपुरी में एक भयावह सड़क हादसा हो गया. इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई. सबसे दर्दनाक बात ये रही कि रात में काफी देर तक शव सड़क पर ही पड़ा रहा और उसके ऊपर से गाड़ियां गुजरती रहीं.
मैनपुरी के किशनी थाना क्षेत्र में गुरुवार रात एक अज्ञात वाहन की टक्कर से 3 लोगों की मौत हो गई. मृतकों की पहचान 34 वर्षीय मोहम्मद वसीम पुत्र मोहम्मद मतीन और 50 वर्षीय सत्तार पुत्र रज्जाक खान और 35 वर्षीय आफताब उर्फ छोटे पुत्र इकबाल है के तौर पर हुई. ये सभी किशनी के जटपुरा में इदरीश की बेटी की शादी में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे.
रात करीब 10 बजकर 30 मिनट जब मोहम्मद वसीम, सत्तार और आफताब बाइक से किशनी नगर से लगभग दो किलोमीटर दूर पॉलिटेक्निक कॉलेज की तरफ से जा रहे थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. भीषण टक्कर से वसीम और सत्तार की घटनास्थल पर ही मौत हो गई. घटना के बाद टक्कर मारने वाला वाहन चालक बेवर की तरफ फरार हो गया.
शव के ऊपर से गुजर गए कई वाहन
दुर्घटना के बाद पॉलिटेक्निक कॉलेज के चौकीदार और ग्रामीण तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे. उन्होंने डायल 112 को सूचना दी. ग्रामीणों ने टॉर्च दिखाकर अन्य वाहनों को निकालने का प्रयास किया, लेकिन सड़क के बीच और सुनसान जगह होने के कारण कुछ वाहन शवों को कुचलते हुए निकल गए, जिससे शव क्षत-विक्षत हो गए.
ड्राइविंग लाइसेंस से हुई मृतक पहचान
सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष छत्रपाल सिंह घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लिया और घायल आफताब उर्फ छोटे को तत्काल सीएचसी पहुंचाया. आफताब की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे मिनी पीजीआई सैफ़ई रेफर कर दिया. लेकिन उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतक वसीम की पहचान उसकी जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस से हुई. पुलिस ने उसके भाई नदीम को फोन पर घटना की सूचना दी.
पुलिस टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश कर रही है
नदीम ने पुलिस को बताया कि वे जटपुरा से साथ ही निकले थे, लेकिन वसीम के समूह ने महिला साथ होने के कारण उन्हें आगे चलने को कहा था. छिबरामऊ पहुंचने पर जब वे काफी देर तक घर नहीं आए तो चिंता हुई. वसीम के नंबर पर फोन करने पर पुलिस ने घटना की जानकारी दी. देर रात परिजन सैफ़ई के लिए रवाना हो गए. पुलिस टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है.
(मैनपुरी से विजय अंबेश की रिपोर्ट)