मेडिकल स्टूडेंट के पास मिला बम बनाने का फार्मूला! देखते ही मचा हड़कंप, पहुंची पुलिस
अयोध्या के मेडिकल कॉलेज में एक पैरामेडिकल छात्र के पास बम बनाने का फॉर्मूला मिलने से हड़कंप मच गया है. आरोपी छात्र सरफराज को पुलिस ने हिरासत में लिया है, जिसके मोबाइल-लैपटॉप से कई संदिग्ध नोट्स मिले हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए देश की खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट पर हैं और आतंकी कनेक्शन की आशंका पर गहनता से जांच कर रही हैं.
उत्तर प्रदेश में रामनगरी अयोध्या के मेडिकल कॉलेज में पैरामेडिकल कोर्स की पढ़ाई कर रहे एक स्टूडेंट के पास बम बनाने का फार्मूला मिला है. प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहे इस छात्र के पास मिले कागज में बम बनाने के तरीके, उसके आकार और तीव्रता से संबंधित विवरण मिला है. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी छात्र को हिरासत में लेकर मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है. सूचना मिलने पर देश की खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं.
आरोपी छात्र की पहचान उत्तर प्रदेश में ही बलरामपुर जिले के रहने वाले सरफराज के रूप में हुई है. वह अयोध्या मेडिकल कॉलेज में लैब टेक्नीशियन (पैरामेडिकल) प्रथम वर्ष की पढ़ाई कर रहा है. पुलिस के मुताबिक रात में उसकी ड्यूटी लैब में लगी थी. सुबह शिफ्ट बदलने पर वह लैब से घर चला गया. लेकिन उसकी जगह आया दूसरा छात्र पहुंचा तो उसे लैब में एक पर्ची मिली. इस पर्ची को देखते ही उसके होश उड़ गए.
मेडिकल कॉलेज में मचा हड़कंप
छात्र ने इस पर्ची की जानकारी मेडिकल कॉलेज प्रशासन को दी. इसके बाद वहां हड़कंप मच गया. आनन फानन में जांच कराई गई तो पता चला कि रात में ड्यूटी सरफराज की थी और उसने गलती से पर्ची लैब में छोड़ दी है. इसके बाद सूचना पुलिस को दी गई. पुलिस ने तत्काल सरफराज को हिरासत में लिया और उसके मोबाइल-लैपटॉप की जांच की. इसमें कई संदिग्ध नोट्स और आपत्तिजनक सामग्रियां बरामद हुई हैं.
अलर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ ही देश की विभिन्न जांच एजेंसियां भी अलर्ट हो गई हैं. एक तरफ पुलिस ने आरोपी छात्र सरफराज को हिरासत में ले लिया है, वहीं सुरक्षा एजेंसियों ने उसके नेटवर्क की जांच शुरू कर दी है. इन एजेंसियों ने आरोपी को किसी गोपनीय स्थान पर ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है. पुलिस आरोपी से जुड़े लोगों की भी पड़ताल कर रही है.