अजय राय और सांसद KL शर्मा हाउस अरेस्ट, अयोध्या में कांग्रेस डेलिगेशन को राम मंदिर जाने से क्यों रोक रही पुलिस?
अयोध्या में राम मंदिर में चंदा चोरी के खुलासे के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को दर्शन करने से रोका गया है. प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सांसद केएल शर्मा समेत कई नेता हाउस अरेस्ट किए गए हैं. नेताओं ने इसे सनातन धर्म का अपमान बताया और सरकार पर चंदा चोरी के दोषियों को बचाने का आरोप लगाया. कांग्रेस अब इस मुद्दे को लेकर देशव्यापी जन-अभियान चलाएगी.
अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर में चंदा चोरी के खुलासे के बाद देश भर से कांग्रेस पार्टी के नेता अयोध्या पहुंचे हैं. इन नेताओं के आज राम दर्शन का कार्यक्रम था, लेकिन रातों रात इन सभी नेताओं को पुलिस ने हाउस अरेस्ट कर लिया है. इनमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के अलावा अमेठी के सासंद किशोरी लाल शर्मा भी शामिल हैं. ये सभी नेता सोमवार की शाम को ही अयोध्या पहुंच गए थे. हाउस अरेस्ट होने के बाद किशोरी लाल शर्मा ने राम मंदिर प्रबंधन और प्रदेश सरकार पर हमला बोला है.
उन्होंने कहा कि ये लोग चंदा चोरी तो रोक नहीं पाए, अब एक हिंदू और सनातनधर्मी को भगवान श्रीराम के दर्शन से रोका जा रहा है. उन्होंने सवाल उठाते हुए पूछा कि ये ये कहां का सनातन धर्म है? ये कौन सी परंपरा है, जिसमें हिंदू को राम लला के दर्शन करने से रोका जाए? इस घटना पर अजय राय ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है. वहीं, कांग्रेस पार्टी ने इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया है. यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
पुलिस से बहस करते नजर आए अजय राय
वायरल हो रहे वीडियो में नजर आ रहा है कि अजय राय होटल में ठहरे हैं. इतने में पुलिस अंदर घुसती है और उन्हें सूचित करती है कि उन्हें होटल से बाहर जाने की इजाजत नहीं है. इस बात पर अजय राय पुलिस से बहस करते हैं. कहते हैं कि उन्हें कहीं और नहीं जाना, बस वो राम लला के दर्शन के लिए मंदिर जाएंगे. इसके जवाब में पुलिस उन्हें कहती है कि उन्हें मंदिर जाने की भी इजाजत नहीं है. इसपर अजय राय पूछते है कि क्या सरकार दर्शन से भी रोक रही है, तो पुलिस कहती है कि ‘आप तो घर-परिवार के हैं.’ फिर अजय राय कहते हैं कि ‘घर-परिवार के लोगों को आप दर्शन करने से रोक देंगे?’
कौन कौन हैं नेता, जिन्हें रोका गया?
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद कांग्रेस के एक प्रतिनिधि मंडल अयोध्या पहुंचा है. प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में सांसद किशोरी लाल शर्मा (अमेठी), राकेश राठौर (सीतापुर), उज्ज्वल रमन सिंह (प्रयागराज) और तनुज पुनिया (बाराबंकी) भी शामिल हैं. इनके साथ बाराबंकी के पूर्व सांसद एसपी गौतम, पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, महाराजगंज के पूर्व विधायक वीरेंद्र चौधरी और बाराबंकी की पूर्व विधायक मीता गौतम भी अयोध्या पहुंची हैं, जिन्हें दर्शन करने से रोका गया है.
किसको बचा रही है सरकार?
अमेठी सांसद किशोरीलाल शर्मा ने स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) की जांच को खानापूर्ति बताया. कहा कि सरकार एसआईटी जांच की आड़ में जिम्मेदारों को बचाने की कोशिश कर रही है. उन्होंने निष्पक्ष जांच की मांग की है. कहा कि मामले में केवल आठ लोगों पर एफआईआर काफी नहीं है. इस मामले में पर्दे के पीछे छिपे लोगों को भी सामने लाना होगा. सरकार को बताना चाहिए कि वे लोग कौन हैं. अब इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस देशव्यापी जन-अभियान शुरू करेगी.