राम मंदिर में चढ़ावा चोरी: 12 जिलों तक पहुंची जांच, इनवेस्टमेंट डिटेल खंगाल रही पुलिस

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच अब उत्तर प्रदेश के 12 जिलों तक फैल गई है. पुलिस आरोपियों, उनके परिजनों की खरीदी गई संपत्तियों और वित्तीय निवेश का ब्योरा खंगाल रही है. इसके साथ ही, ट्रस्ट के बैंक लॉकर में रखे बहुमूल्य आभूषणों का सत्यापन भी जारी है. सीओ अयोध्या की निगरानी में जांच टीम बड़े पैमाने पर रिकॉर्ड जुटा रही है.

राम मंदिर चंदा चोरी की SIT कर रही है जांच Image Credit: AI Generated

राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले की जांच लगातार व्यापक होती जा रही है. अब पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए उत्तर प्रदेश के करीब 12 जिलों तक पहुंचा दिया है. आरोपियों, उनके परिजनों और करीबियों के नाम पर खरीदी गई संपत्तियों तथा किए गए निवेश की जानकारी जुटाई जा रही है. वहीं, ट्रस्ट के बैंक लॉकर में सुरक्षित रखे गए बहुमूल्य आभूषणों और कीमती वस्तुओं का सत्यापन भी लगातार जारी है.

सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने संबंधित जिलों के जिलाधिकारियों (डीएम) को पत्र भेजकर आरोपियों, उनके परिवार के सदस्यों और करीबी रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई जमीन, मकान और अन्य अचल संपत्तियों का पूरा ब्योरा मांगा है. इसके साथ ही बड़े वित्तीय निवेशों की जानकारी भी जुटाई जा रही है. गौरतलब है कि राम मंदिर की दान पेटिकाओं से चढ़ावा चोरी के मामले में 25 जून को मुकदमा दर्ज किया गया था. अगले ही दिन सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया.

सीओ अयोध्या कर रहे जांच

मामले की जांच आईपीएस अधिकारियों की निगरानी में सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी कर रहे हैं. पुलिस ने पहले आरोपियों की स्थानीय संपत्तियों की जानकारी जुटाई थी, लेकिन पूछताछ और जांच के दौरान यह संकेत मिले कि चोरी की रकम को अन्य माध्यमों से निवेश किया गया. यहां तक कि दूसरे जिलों में भी संपत्तियां खरीदी गईं. इसके बाद जांच का दायरा और बढ़ा दिया गया.

इन जिलों में खंगाला जा रहा रिकॉर्ड

सूत्रों के मुताबिक पुलिस अयोध्या के अलावा सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, बहराइच, गोंडा, बस्ती, लखनऊ, नोएडा, अंबेडकरनगर और बाराबंकी समेत करीब 12 जिलों में राजस्व रिकॉर्ड खंगाल रही है. संबंधित जिलों की टीमें यह पता लगा रही हैं कि पिछले कुछ वर्षों में आरोपियों या उनके करीबियों के नाम पर कौन-कौन सी संपत्तियां खरीदी गईं. उधर, राम मंदिर ट्रस्ट द्वारा भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के लॉकर में सुरक्षित रखे गए बहुमूल्य आभूषणों और अन्य कीमती वस्तुओं का सत्यापन लगातार तीसरे दिन भी जारी रहा.

Follow Us