हवालात से लंगड़ाते निकला युवक, बोला- भारी मिस्टेक हो गया; CM योगी को दी थी धमकी
बरेली में सीएम योगी आदित्यनाथ को सिर कलम करने की धमकी देने वाले युवक अनिल कुमार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाला यह युवक हवालात से निकलते ही माफी मांगने लगा और 'भारी मिस्टेक' होने की बात कही. पुलिस ने उसे अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है. उसका यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
उत्तर प्रदेश के बरेली में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सिर कलम करने की धमकी देने वाले युवक का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में हवालात से लंगड़ाते हुए बाहर निकल रहा युवक पुलिस से रहम की गुहार लगा रहा है. कह रहा है कि बहुत भारी मिस्टेक हो गया. वह बार-बार लगा रहा है कि अबकी माफ कर दो, दोबारा ऐसी गलती कभी नहीं होगी. फिलहाल पुलिस ने उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है.
दरअसल, बरेली के थाना भोजीपुरा क्षेत्र के घंघोरा पिपरिया रोड स्थित मार्डन विलेज निवासी अनिल कुमार ने यह धमकी दी थी. लखनऊ स्थित डायल 112 मुख्यालय से भोजीपुरा पुलिस को इसकी सूचना मिली. इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की. उप निरीक्षक सुशील कुमार ने अनिल कुमार को फोन किया. अनिल कुमार ने उन्हें भी निलंबित करने की धमकी दी थी. इतना ही नहीं वह पुलिस को अपना गलत पता बता कर लगातार गुमराह करता रहा.
सीएम योगी के खिलाफ की आपत्तिजनक टिप्पणी
पुलिस के अनुसार आरोपी अनिल कुमार ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ आपत्तिजनक और भड़काऊ टिप्पणी की थी. आरोप है कि उसने मुख्यमंत्री का सिर कलम करने जैसी धमकी दी थी. इसके साथ ही महाकुंभ और रामलला मंदिर को लेकर भी विवादित बातें लिखी थीं. शिकायत मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हुईं और आरोपी को पुरानी लोको कॉलोनी इलाके से गिरफ्तार कर लिया.
जेल भेजने से पहले बदला अंदाज
पुलिस आरोपी को हवालात से निकालकर अदालत ले जा रही थी, तब उसका अंदाज पूरी तरह बदला हुआ नजर आया. वीडियो में वह हाथ जोड़कर लंगड़ाते हुए चलता दिखाई देता है. उसने पुलिसकर्मियों से कहा कि उससे बड़ी गलती हो गई है और उसे माफ कर दो. वह भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं करने की बात भी कहता सुनाई देता है. यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.