मणिराम छावनी में नहीं, अब इस स्थान पर होगी राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक; अचानक क्यों बदली जगह?
अयोध्या में आज होने वाली राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक का स्थान अचानक बदल दिया गया है. अब यह बैठक सुरक्षा कारणों से गेस्ट हाउस में होगी, ताकि मीडिया और बाहरी दखल से बचा जा सके. बैठक में चढ़ावा चोरी के बाद चंपत राय व अनिल मिश्रा के इस्तीफों पर फैसला, एसआईटी की प्रारंभिक रिपोर्ट पेश और ट्रस्ट के संचालन में संभावित बड़े बदलावों पर चर्चा होगी. उधर, पुलिस ने चोरी के आरोपियों से पूछताछ कर कुछ अहम सुराग भी जुटाए हैं.
भगवान श्रीराम के मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद अयोध्या में आज होने जा रही राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक का पता अचानक बदल दिया गया है. अब तक यह बैठक मणिराम छावनी में होनी थी, लेकिन अब इस बैठक के लिए सदस्यों को राम मंदिर परिसर स्थित गेस्ट हाउस में आने को कहा गया है. यह जानकारी ट्रस्ट के विशेष आमंत्रित सदस्य गोपाल राव ने दी. उन्होंने बैठक की जगह में बदलाव की वजह सिक्योरिटी बताई है.
बैठक की जगह में बदलाव की जानकारी देते हुए गोपाल राव ने कहा कि गेस्ट हाउस बैठक के लिए सबसे सेफ जगह है. यह एरिया एक हाई सिक्योरिटी जोन में होने की वजह से बैठक के दौरान यहां ना तो मीडिया आ पाएगी और ना ही कोई बाहरी व्यक्ति ही पहुंच सकेगा. इससे बैठक के दौरान ट्रस्ट के सदस्य भी किसी भी दखल से बचे रह सकेंगे. चूंकि इस बैठक को लेकर पहले से ही मीडिया का जमावड़ा है, ऐसे में मीडिया को रोकने के लिए यह स्थान परिवर्तन किया गया है.
चंपत-अनिल मिश्रा को लेकर हो सकता है फैसला
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला गहराने के बाद ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा का इस्तीफा हो चुका है. इनके इस्तीफे पर आज की बैठक में फैसला लिया जाएगा. इस्तीफे के बाद से इनके पक्ष और विपक्ष में लॉबिंग तेज हो गई है. विपक्ष भी इस मुद्दे को लेकर लगातार हमलावर है. आरोप है कि चढ़ावा चोरी का पूरा कांड इन दोनों लोगों की जानकारी में हुआ है. माना जा रहा है कि इन आरोपों पर चंपत राय और अनिल मिश्रा आज की बैठक में अपना पक्ष भी रखेंगे.
कौन लेगा चंपत राय की जगह?
माना जा रहा है कि बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपतराय और ट्रस्टी डॉ. अनिल मिश्र के इस्तीफे स्वीकार हो जाएंगे. इसी के साथ ट्रस्ट के नेतृत्व में बदलाव, नए महासचिव और नए ट्रस्टी की नियुक्ति पर भी मुहर लग सकती है. ऐसे में चर्चा शुरू हो गई कि इनका स्थान कौन लेगा. इन चर्चाओं में विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय महामंत्री बजरंगलाल बागड़ा का नाम महासचिव पद की दौड़ में सबसे आगे बताया जा रहा है. इस दौड़ में कृष्णमोहन और नीरज दौनेरिया के नाम की भी चर्चा है.
एसआईटी की रिपोर्ट पेश होगी
राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक में एसआईटी की प्रारंभिक जांच रिपोर्ट भी पेश की जाएगी. इसमें सभी सदस्यों के सामने रिपोर्ट को पढ़ा जाएगा. इसके बाद आगे का फैसला होगा. माना जा रहा है कि बैठक के दौरान ट्रस्ट के कुछ सदस्यों की छुट्टी हो सकती है, वहीं कुछ नए सदस्य ट्रस्ट में शामिल हो सकते हैं. इसके अलावा ट्रस्ट और मंदिर के संचालन से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था, वित्त व्यवस्था और दान व्यवस्था में कुछ अहम बदलाव भी हो सकते हैं.
जेल में हुई आरोपियों से पूछताछ
राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की जांच कर रही पुलिस रविवार की सुबह अचानक जिला जेल पहुंच गई. पुलिस ने पांचों आरोपियों मनीष यादव, टिन्नू यादव, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और करुणेश पांडेय से गहन पूछताछ की. इस दौरान उन्हें कुछ सबूत दिखाए गए, कुछ तथ्य बताए गए और फिर घटना का सत्यापन किया गया. बताया जा रहा है कि इस पूछताछ के दौरान पुलिस को आरोपियों से कई अहम सबूत हाथ लगे हैं. बता दें कि इस मामले में पुलिस अब तक 8 आरोपियों को जेल भेज चुकी है.