प्रकटोत्सव पर पीतांबरी में सजे अखिल ब्रह्मांड के नायक, ठीक 12 बजे होगी राम जी की महाआरती
चैत्र रामनवमी पर अयोध्या राम मंदिर में रामलला का भव्य प्रकटोत्सव मनाया जा रहा है. दोपहर 12 बजे पीतांबरी में सजे प्रभु राम की महाआरती होगी, जिसमें सूर्य स्वयं तिलक करेंगे. लाखों भक्त इस दिव्य क्षण के साक्षी बनने अयोध्या पहुंचे हैं. मंदिर में बधाई गान और पुष्प सज्जा के साथ भक्तिमय वातावरण बना है, जो प्रभु के अवतरण की अनुपम खुशी दर्शा रहा है.
आज चैत्र रामनवमी है. माने अखिल ब्रह्मांड के नायक भगवान राम का प्रकटोत्सव. आज दोपहर ठीक 12 बजे भगवान राम अपने भव्य और दिव्य मंदिर में अवतरित होंगे. यह वही क्षण होग, जब समस्त देवी-देवता आकाश मंडल में उपस्थित होकर भगवान नारायण के रामलला स्वरुप का दर्शन करने के लिए मौजूद होंगे. खुद भगवान भुवन भास्कर सूर्य रामलला का अभिषेक तिलक करेंगे. इस मौके पर अयोध्या स्थित राम मंदिर में महाआरती और विशेष का आयोजन किया जाएगा.
गोस्वामी तुलसीदास जी ने श्रीराम चरित मानस में इस तिथि का बड़े ही सुंदर तरीके से वर्णन किया है. लिखा है कि ‘नौमी तिथि मधु मास पुनीता…’. फिर लिखा है कि ‘सुर समूह बिनती करि पहुंचे निज निज धाम, जगनिवास प्रभु प्रगटे अखिल लोक
बिश्राम..’. त्रिभुवन के स्वामी के इस अवतरण बेला में अयोध्या ही नहीं, समूचे देश में वातावरण भक्तिमय बना हुआ है. अयोध्या राम मंदिर में भी भव्य तैयारियां की जा रही हैं.
पीतांबरी में निखरा दिव्य स्वरूप
अवतरण दिवस के अवसर पर पीतांबरी में विराजमान रामलला को दिव्य स्वरूप और निखर गया है. सुबह से ही मंदिर में तरह तरह के अनुष्ठान किए जा रहे हैं. दोपहर ठीक 12 बजे रामलला की महाआरती की जाएगी. उस समय की दिव्य अनुभूति को अपनी नजरों में कैद करने के लिए देश-देशांतर से लाखों की तादात में रामभक्त अयोध्या पहुंच चुके हैं.
शुरू हुआ रामलला का शृंगार
इस पवित्र बेला में भक्तों को दर्शन के लिए रामलला भी सजने संवरने लगे हैं. देर रात से ही रामलला के साज सज्जा का काम देर रात से ही चल रहा है. यहां रामलला को सुंदर और सुगंधित फूलों से सजाया जा रहा है. इसके लिए फूलों की खेप सुबह ही मंदिर पहुंच गई थी, जिनकी खुशबू मन मोह ले रही है. सुबह से ही मंदिर में बधाई गान हो रहा है. इसके लिए मंदिर में विशिष्ट कलाकारों को आमंत्रित किया गया है. इनमें पद्मश्री मालिनी अवस्थी भी शामिल हैं.