अयोध्या जाने वाले श्रद्धालु ध्यान दें! 3 मार्च को 12 घंटे बंद रहेगा सभी मठ-मंदिरों में दर्शन
अगर आप अयोध्या जा रहे है तो ये खबर आप के लिए है. राम नगरी अयोध्या में तीन मार्च को सभी मठ-मंदिर, विशेषकर राम मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन-पूजन बंद रहेंगे. सभी मठ-मंदिरों के कपाट बंद इस दिन 12 घंटे के लिए पूरी तरह से बंद रहेंगे. भक्तों को मात्र 30 मिनट के लिए ही रामलला के दर्शन का अवसर मिलेगा.
राम नगरी, अयोध्या धाम में होली से एक दिन पहले यानी 3 मार्च को सभी मठ-मंदिरों में दर्शन और पूजन बंद रहेगा. राम जन्मभूमि से लेकर सिद्ध पीठ हनुमानगढ़ी, कनक भवन मंदिर समेत अयोध्या धाम में मौजूद हज़ारों मंदिरों के पट पूरी तरह बंद रहेंगे. श्रद्धालुओं इस दिन 12 घंटे के लिए किसी भी मठ-मंदिरों में दर्शन-पूजन नहीं कर सकेंगे.
दरअसल, 3 मार्च को साल का पहला पूर्ण चंद्र ग्रहण लग रहा है. चंद्र ग्रहण काल में सूतक 9 घंटे पहले तो सूर्य ग्रहण में 12 घंटे पहले लग जाता है. सूतक काल में किसी भी मंदिर में दर्शन पूजन पूरी तरह प्रतिबंधित रहता है. इस दौरान मंदिरों में और गर्भ गृह में किसी का भी प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहता है. हालांकि, भक्तों को 30 मिनट के लिए दर्शन का अवसर मिलेगा.
अयोध्या धाम में सभी पुजारियों को भेजे गए निर्देश
राम मंदिर के दर्शन व्यवस्था के प्रभारी गोपाल जी राव के द्वारा ये सूचना सभी पुजारियों को भेजा गया है. 3 मार्च को शाम 6:00 बजे से 6:48 बजे तक यहां ग्रहण काल रहेगा. ग्रहण के प्रभाव को देखते हुए सुबह 9:00 बजे से सभी मंदिर बंद रहेंगे. सुबह 8:15 बजे बाल भोग लगाने के बाद 9:00 बजे रामलला समेत सभी मंदिरों के कपाट बंद कर दिए जाएंगे.
श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के द्वारा राम लला के पुजारी और परिसर में मौजूद सभी मंदिरों के पुजारियों को निर्देश जारी किया गया है. वहीं, ग्रहण काल के बाद मंदिरों में साफ़ सफाई और उसके बाद भोग आरती के पश्चात दर्शन के लिए कपाट खोले जाएंगे. शाम 7:15 बजे मंदिर में पुनः प्रवेश कर गर्भगृह की साफ-सफाई की जाएगी.
रात में ठाकुर जी के श्रृंगार, संध्या आरती के बाद दर्शन
वहीं, राम मंदिर में गर्भगृह की साफ-सफाई के बाद ठाकुर जी का श्रृंगार होगा. इसके उपरांत रात 8:30 बजे संध्या आरती के साथ दर्शन पुनः प्रारंभ होंगे. ग्रहण काल के पश्चात रात 8:30 मिनट तक बंद रहेगा. वहीं, इसके बाद 3 मार्च को केवल 30 मिनट के लिए राम मंदिर में श्रद्धालुओं को राम लला का दर्शन करने का अवसर प्राप्त होगा.
ऐसे मान्यताओं के अनुसार, चंद्र ग्रहण के समय से 9 घंटे पहले सूतक काल लग जाता है. 3 मार्च को दिन में 3 :18 पर चंद्र ग्रहण का योग है और 6:48 पर मोक्ष का योग है. वैसे सामान्य दिन में सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालुओं का दर्शन होता है. 12 बजे से 1 बजे दोपहर तक राम लला का पट बंद रहता है, फिर दोपहर 1 बजे से रात 9 बजे दर्शन करने को मिलता है.