बेटियों से छेड़खानी कर रहे थे बदमाश, पिता के विरोध पर छत से दिया धक्का; हुई मौत

उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक दिल दहला देने वाली घटना हुई है. बेटियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर मनचलों ने पिता को छत से धक्का दे दिया, जिससे उनकी मौत हो गई है. यह वारदात बदायूं के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र की है. पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, जबकि सोशल मीडिया पर घटना को लेकर आक्रोश है और कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक घर में बेटियां अपने पिता को खाना खिला रहीं थीं. इसी दौरान घर में जबरन घुसे मनचले ने बेटियों से छेड़छाड़ शुरू कर दी. यह देखकर पिता ने विरोध किया तो आरोपी युवक ने अपने साथियों को बुला लिया और पीड़ित पिता से मारपीट करते हुए छत से धक्का दे दिया. इस घटना में गंभीर रूप से घायल पिता को आनन फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई.

यह वारदात बदायूं के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में 9 मई की रात का है.पीड़ित बेटियों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 9 मई को रात बहुत गर्मी थी, इसलिए पूरे परिवार के लोग छत पर ही बैठे थे. वहीं उनके पिता खाना खाने बैठे थे. इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी जबरन उनके घर में घुसा और उनके साथ छेड़खानी करने लगा. यह देखकर उनके पिता ने विरोध किया. इसी बात पर आरोपी ने अपने साथियों को बुला लिया.

लाठी-डंडे से की पिटाई


पीड़ित बेटियों ने बताया कि इसके बाद मौके पर आए आरोपी और उसके साथियों ने पूरे परिवार की लाठी डंडों से पिटाई की और इसी दौरान उनके पिता को छत से धक्का दे दिया और मौके से फरार हो गए. पीड़ित बेटियों के मुताबिक आनन फानन में उन्होंने अपने पिता को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान अब मौत हो गई है. पुलिस ने बेटियों की तहरीर और बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

सोशल मीडिया में सुर्खियों में मामला

इस घटना को लेकर एक तरफ पुलिस जांच की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर घटना को लेकर सोशल मीडिया में खूब चर्चा हो रही है. इस घटना पर लोग सरकार की मिशन शक्ति पर सवाल उठा रहे हैं. लोग सरकार और पुलिस की मंशा पर सवाल उठाते हुए पूछ रहे हैं कि आखिर इन मनचलों को हिम्मत कहां से आ रही है. उधर, परिजनों में घटना के बाद से चीख-पुकार मच गई है.

Follow Us