‘NEET परीक्षा रद्द होना शॉकिंग’, निराश स्टूडेंट बोले- पेपर लीक से हम परेशान, पूरा सिस्टम ही बेकार

नीट परीक्षा रद्द होने से देशभर के छात्र सदमे में हैं. लंबी तैयारी के बाद भी पेपर लीक और रद्द होने से वे निराश हैं. छात्रों का कहना है कि पूरा सिस्टम ही खराब हो चुका है और उनकी मेहनत बर्बाद हो गई है. वे सरकार से जल्द नई परीक्षा तिथि घोषित करने और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

नीट की परीक्षा रद्द होने से देश भर में छात्र हैरान और परेशान हैं. छात्रों का कहना है कि लंबी तैयारी के बाद इस परीक्षा में बैठे थे. अब इस परीक्षा के रद्द होने से असमंजस की स्थिति बन गई है. पेपर लीक की बात सामने के बाद छात्रों का कहना है कि पूरा सिस्टम ही बेकार हो गया है. कहा कि पेपर लीक होने से योग्य प्रतिभाओं के साथ हकतल्फी होने की आशंका थी, दोबारा एग्जाम होने से एक उम्मीद बची है कि अब शायद सब कुछ ठीक हो.

मुरादाबाद के पाकबड़ा नगर पंचायत क्षेत्र में रहकर बड़ी संख्या में छात्र नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे थे. इन सभी छात्राओं ने दिन-रात मेहनत कर परीक्षा की तैयारी की थी. परीक्षा रद्द होने की वजह से उनकी मेहनत का परिणाम अधर में लटक गया है. उनका आत्मविश्वास डोल गया है. इन छात्रों ने सरकार और परीक्षा एजेंसी से जल्द नई परीक्षा तिथि घोषित करने की मांग की है. कहा कि अब तो शैक्षणिक सत्र प्रभावित होने का डर है.

अब कैसे मिलेगा सरकार कॉलेज?

छात्रों ने कहा कि सरकारी कॉलेज में एडमिशन पाने के लिए कड़ी मेहनत की थी. अब इन उम्मीदों पर पानी फिरता नजर आ रहा है. कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हो रहा, हर साल और हर परीक्षा में यही हो रहा है. पहले पेपर लीक हो जाता है, फिर एग्जाम रद्द हो जाता है. इससे तैयारी कर रहे छात्रों का भविष्य अधर में लटक जाता है. छात्रों के मुताबिक पूरा सिस्टम ही बेकार हो चुका है. ऐसे में सरकार को सही एक्शन लेना चाहिए. सीबीआई जांच में मामले को लटकाने के बजाय जल्द से जल्द जांच कर ठोस कार्रवाई होनी चाहिए.

फिर करेंगे तैयारी

नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, प्रयागराज और वाराणसी आदि शहरों में रहकर एग्जाम की तैयारी कर रहे छात्रों के मुताबिक समस्या पेपर लीक से है. इसे रोकने के लिए पहले ही ठोस इंतजाम होने चाहिए. छात्रों के मुताबिक एग्जाम के बाद वह अपने रिजल्ट के प्रति आश्वस्त थे, माता रानी के दर्शन भी कर आए और चिल कर रहे थे. अब पेपर रद्द होने से फिर से एग्जाम का तनाव हो गया है. छात्रों ने संतोष जताया कि पेपर रद्द होने और दोबारा एग्जाम होने से होनहारों को मौका मिलेगा.

Follow Us