बजरंगबली को बताया DM ऑफिस का बाबू, चरित्र पर की अभद्र टिप्प्णी; मदरसे का वीडियो वायरल
उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक मदरसे के वार्षिकोत्सव में बजरंग बली पर आधारित नाटक मंचन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में हनुमान जी के चरित्र को कथित तौर पर आपत्तिजनक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिससे हिंदू संगठनों की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. संगठन एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, जिससे इलाके में तनाव का माहौल है.
उत्तर प्रदेश के बदायूं में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एक मदरसे के वार्षिकोत्सव में बजरंग बली पर अधारित नाटक मंचन किया गया. इस दौरान बजरंग बली के चरित्र को लेकर कई आपत्तिजनक टिप्पणी की गई. इस कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद बवाल मच गया है. हिंदू संगठनों ने पुलिस से एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है. मामला जिले के अलापुर थाना क्षेत्र में ककराला कस्बा स्थित मदरसे का है.
मदरसे के मंच पर मंचित इस नाटक का वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इससे दो समुदायों के बीच विवाद गहरा गया है. वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि मंचन के दौरान बजरंगबली के चरित्र को आपत्तिजनक ढंग से प्रस्तुत किया गया, उनको लेकर गलत तरीके से टिप्पणी की गई. जिससे हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं. इस संबंध में हिंदू संगठनों ने मोर्चा खोल दिया है.
वीडियो में ये हैं दृष्य
वायरल हो रहा वीडियो एचके पब्लिक स्कूल/मदरसा में वार्षिक कार्यक्रम का है. इसमें एक नाट्य प्रस्तुति दी गई, जिसमें कथित तौर पर बजरंगबली के स्वरूप को “डीएम ऑफिस के भ्रष्ट बाबू” के रूप में दिखाया गया है. आरोप है कि मंचन में रिश्वत के रूप में अगरबत्ती और प्रसाद लेने जैसे दृश्य भी दिखाए गए है. फिर भक्त को वही प्रसाद वापस मांगते हुए दर्शाया गया है. इन दृश्यों पर हिंदू संगठनों ने आपत्ति जताई है. देखते ही देखते यह मामला जिले में तूल पकड़ने लगा है. इससे तनाव की स्थिति बनती नजर आ रही है.
ये हैं आरोप
हिंदूवादी संगठनों ने इसे आस्था पर सीधा प्रहार बताते हुए संबंधित आयोजकों और स्कूल प्रबंधन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है. संगठनों का कहना है कि इस तरह की प्रस्तुति जानबूझकर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से की गई है. उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक स्तर पर आंदोलन किया जाएगा. विश्व हिन्दू परिषद के कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में अलापुर थाने में लिखित शिकायत भी दी है. सीओ दातागंज राहुल पांडेय के मुताबिक वायरल वीडियो की जांच कराई जा रही है. उधर, अभी तक मदरसा प्रबंधन की ओर से कोई बयान नहीं आया है.