बदायूं: अलापुर के जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का सड़ा-गला शव, इलाके में मचा हड़कंप

बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र के जंगल में एक युवक का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका मिला. कई दिन पुराना होने के कारण पहचानना मुश्किल था, पर परिजनों ने कपड़ों और अंगूठी से युवक की पहचान की. पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. परिवार ने हत्या होने की आशंका जताई है, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.

बदायूं के जंगल में सड़ी-गली लाश मिलने से हड़ंकप Image Credit:

बदायूं के अलापुर थाना क्षेत्र स्थित ग्राम पंचायत नवादा में रविवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. गांव के जंगल में एक युवक का सड़ा-गला शव पेड़ से लटका मिला. कई दिन पुराना होने के कारण पहचानना मुश्किल था, पर परिजनों ने कपड़ों और अंगूठी से युवक की पहचान की. पुलिस ने शुरुआती जांच में आत्महत्या की आशंका जताई है.

स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोग जंगल की ओर गए थे, तभी अमरूद के बाग के भीतर गूलर के पेड़ से एक युवक का शव फंदे पर लटका मिला. शव कई दिन पुराना और पूरी तरह सड़-गल चुका था, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, फिर मामले की जानकारी थाना अलापुर पुलिस को दी गई.

शव कपड़े के सहारे पेड़ की डाली से था लटका

पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शव कपड़े के सहारे गूलर के पेड़ की डाली से लटका हुआ था. शव की हालत बेहद खराब थी और लंबे समय से पड़े होने के कारण उसमें सड़न आ चुकी थी. मौके पर मृतक के बाल तक जमीन पर गिरे मिले. बाद में परिजनों ने कपड़ों और अंगूठी से युवक की पहचान की.

अंगूठी-कपड़ों के आधार पर परिजनों ने की पहचान

जांच के दौरान मृतक की पहचान मायादीन पुत्र जय सिंह (22 वर्ष), निवासी ग्राम नवादा, थाना अलापुर के रूप में हुई. बताया जा रहा है कि युवक ने जींस की पैंट, शर्ट और स्लिपर पहन रखी थी. दाहिने हाथ में पहनी अंगूठी और कपड़ों के आधार पर परिजनों ने उसकी पहचान की. वहीं, पुलिस ने आत्महत्या, तो परिजनों ने हत्या होने की आशंका जताई है.

गांव में शोक के साथ-साथ तरह-तरह की चर्चाएं

घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. गांव में शोक के साथ-साथ तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. पुलिस की शुरुआती जांच में आत्महत्या प्रतीत हो रहा है. हालांकि पुलिस अन्य संभावित पहलुओं को भी ध्यान में रखकर जांच में जुटी है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा.

Follow Us