‘सपा मानसिकता वाले अधिकारी बोरिया-बिस्तर बांध लें…’, बागपत हत्याकांड पर बोले बीजेपी नेता

बागपत में टेंट व्यापारी हत्याकांड पर बीजेपी नेता विनीत शारदा ने कड़ा रुख अपनाया है. पीड़ित परिवार से मिलने के बाद उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. शारदा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी चेतावनी दी, जो 'सपा मानसिकता' से काम कर रहे हैं, उन्हें अंजाम भुगतना पड़ेगा.

बागपत हिंसा: विनीत शारदा ने 'सपा मानसिकता' अधिकारियों को चेताया Image Credit:

बागपत में हुए टेंट व्यापारी पिता-पुत्र हत्याकांड पर सियासी गर्मी तेज हो गई है. बीजेपी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक विनीत शारदा ने गुरुवार को बागपत पीड़ित परिवार से मुलाकात की. साथ ही घटना को बेहद दुखद और शर्मनाक बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की. उन्होंने कहा कि अपराधियों और उन्हें संरक्षण देने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी.

विनीत शारदा ने कहा कि टेंट व्यापारी परिवार के घर में घुसकर हमला करना और पिता-पुत्र को मौत के घाट उतार देना कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती है. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी घटना की पूरी जानकारी वह मुख्यमंत्री तक पहुंचाने के लिए लखनऊ जा रहे हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई आने वाली पीढ़ियां भी याद रखेंगी.

‘अधिकारियों को काला पानी भेजने जैसा दंड मिलेगा’

शारदा ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को भी कड़ा संदेश देते हुए कहा कि जो अधिकारी या पुलिसकर्मी सपा की मानसिकता से काम कर रहे हैं. यह सोच रहे हैं कि वर्ष 2027 में सत्ता परिवर्तन हो जाएगा, वे अपना बोरिया-बिस्तर बांध लें. ऐसे अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और उन्हें काला पानी भेजने जैसा दंड देने का काम किया जाएगा.

बीजेपी नेता ने मांग की कि पीड़ित व्यापारी परिवार पर दर्ज मुकदमे वापस लिए जाएं. उन्होंने कहा कि परिवार पहले ही एक बड़ी त्रासदी झेल चुका है, ऐसे में उसके साथ न्याय होना चाहिए. भीड़ द्वारा एक बदमाश की हत्या पर उन्होंने कहा कि यदि लोगों ने आत्मरक्षा और अपराधियों के खिलाफ खड़े होकर ऐसा किया है तो उनके मनोबल को समझने की जरूरत है.

सरकार दोषियों को बख्शने के मूड में नहीं हैं- शारदा

विनीत शारदा ने कहा कि आगामी 48 घंटे के भीतर घटना में शामिल बाकी अपराधियों पर भी कठोर कार्रवाई होगी. उन्होंने अपराधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अब व्यापारी समाज कमजोर नहीं है और किसी भी तरह की गुंडागर्दी या अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सरकार और प्रशासन दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शने के मूड में नहीं हैं.

बागपत में सोहनलाल अग्रवार और उनके इकलौता बेटा विकास की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. यह वारदात बड़ौत कस्बे में, दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर स्थित टेंट हाउस की दुकान पर हुई. आरोप है कि पूरानी रंजिश के तहत कुख्यात हिस्ट्रीशीटर वरुण लोहारी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस खौफनाक हत्याकांड को अंजाम दिया है.

Follow Us