पहले लव मैरिज, फिर बेटे को लेकर पति से अलग होना चाहती थी बीवी; गुस्से में पति ने रेत दिया गला

उत्तर प्रदेश के बागपत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक पति ने अपनी पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी. लव मैरिज के कुछ दिन बाद जब उनके संबंध बिगड़ गए तो महिला बेटे को लेकर अलग रहना चाहती थी. इसी बात को लेकर हुए झगड़े में पति ने चाकू से गला रेत दिया.

घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बागपत में एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है. यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी का गला रेत दिया. वारदात के बाद आरोपी पत्नी के शव के पास ही डेढ़ घंटे तक बैठा रहा. इतने में सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की जांच कर रही है. अब तक की जांच में इस वारदात की दिल दहलाने वाली कहानी सामने आई है. वारदात बागपत में शनिवार की दोपहर चांदीनगर के खैला गांव की है.

आरोपी पति ने यह वारदात अपने तीन साल के बेटे के सामने अंजाम दिया. मामले की प्राथमिक जांच के बाद पुलिस ने बताया कि खैला गांव में रहने वाले राहुल ने करीब छह साल पहले बिजनौर की रहने वाली युवती मनीषा के साथ लव मैरिज किया था. दोनों ने हरिद्वार में शादी रचाई और वहीं पर एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगे. फिर कुछ दिन बाद दोनों गांव लौटकर रहने लगे, लेकिन यहां आर्थिक दिक्कत हुई तो दोनों दिल्ली चले गए. जहां राहुल ऑटो चलाने लगा. वहीं मनीषा एक निजी कंपनी में नौकरी करने लगी.

दो बच्चों के मां-बाप बने दोनों

इसी दौरान मनीषा ने एक बेटी और एक बेटे को जन्म दिया. बेटी को तो मनीषा ने अपनी सास के पास छोड़ दिया, लेकिन बेटे को वह खुद पालने लगी. बाद में मनीषा और राहुल के संबंध खराब हो गए. आए दिन दोनों झगड़ा करने लगे. ऐसे में मनीषा ने बेटे को लेकर बेंगलुरू शिफ्ट हो गई. पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को मनीषा बैंक के काम से बेटे को लेकर दिल्ली में पति के पास आई और फिर रात में तीनों खैला गांव पहुंचे. जहां शनिवार की दोपहर राहुल ने मनीषा की हत्या कर दी.

बेटे को अपने रखना चाहता था आरोपी

पुलिस के मुताबिक शनिवार को मनीषा बेंगलुरू लौटने वाली थी. वह अपने साथ बेटे को भी ले जा रही थी. जबकि राहुल चाहता था कि बेटा उसके साथ रहे. इसी बात पर दोनों में झगड़ा हुआ और देखते ही देखते राहुल ने सब्जी काटने वाले चाकू से मनीषा का गला रेत दिया. आरोपी ने उसके सिर, पेट और पीठ पर भी चाकू से वार किया. इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई. वारदात के बाद आरोपी भागने के बजाय करीब डेढ़ घंटे तक शव के पास ही बैठा रहा. फिर खुद ही पुलिस को फोन किया और पुलिस के आने पर सरेंडर कर दिया.

Follow Us