‘साफ-सुथरा खाना नहीं बनाती थी’, गुस्से में बेटे ने अपनी मां को कुल्हाड़ी से काट डाला
बहराइच में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी बेटे ने अपनी मां की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी. बेटे को खाने में गंदगी की शिकायत थी. पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. घटना विशेश्वरगंज थाना इलाके की है.
बहराइच के विशेश्वरगंज थाना क्षेत्र के फुलेरा गांव में गुरुवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. एक युवक ने अपनी ही मां की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी. घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तुरंत आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है.
पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान 55 वर्षीय महिला के रूप में हुई है. आरोपी उसका 28 साल का बेटा छैलू वर्मा है. शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपनी मां से अक्सर भोजन को लेकर विवाद होता था. उसका आरोप था कि मां उसके लिए साफ-सुथरा खाना नहीं बनाती थीं और उसके खाने में हमेशा गंदगी रहती थी.
खाने की शिकायत पर हुई थी कहासुनी- पिता
मृतका के पति भगवानदीन ने बताया कि आरोपी बेटे को अक्सर अपनी मां से यह शिकायत रहती थी कि वह उसके लिए स्वच्छता के साथ भोजन नहीं बनाती हैं. गुरुवार सुबह भी इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई. विवाद बढ़ने पर छैलू ने गुस्से में आकर कुल्हाड़ी से अपनी मां पर कई वार कर दिए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) हर्षिता तिवारी समेत स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची. इसके बाद फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और स्थिति का जायजा लिया. साथ ही पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों से भी पूछताछ की. पुलिस को परिजनों ने भी बताया कि मां-बेटे में हमेशा विवाद होता था.
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद की
सीओ हर्षिता तिवारी ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छैलू वर्मा को गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.