‘मां मुझपर भरोसा नहीं करती’, Insta पर आखिरी वीडियो बनाकर बेटे ने दे दी जान

बरेली में 38 वर्षीय युवक राजीव गंगवार ने इंस्टाग्राम पर आखिरी वीडियो पोस्ट करने के बाद कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी. वीडियो में उसने परिवार, विशेषकर मां पर भरोसा न करने की बात कही और यह भी बताया कि उसका शव कहां मिलेगा. कुछ देर बाद नैनीताल हाईवे किनारे उसका शव बरामद हुआ. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है.

युवक ने इंस्टाग्राम पर आखिरी वीडियो पोस्ट कर खाया जहर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. बहेड़ी थाना क्षेत्र के एक 38 वर्षीय युवक ने इंस्टाग्राम पर अपना आखिरी वीडियो पोस्ट करने के बाद कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली. वीडियो में युवक ने कहा कि उसकी मां को उस पर भरोसा नहीं है और वह परिवार की वजह से यह कदम उठा रहा है. इतना ही नहीं, उसने अपने शव के मिलने की संभावित जगह का भी जिक्र किया था.

कुछ देर बाद उसका शव नैनीताल हाईवे किनारे बरामद हुआ. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले की जांच जारी है और पुलिस युवक के मोबाइल, सोशल मीडिया गतिविधियों तथा अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है.

इंस्टाग्राम पर शेयर किया आखिरी वीडियो

मृतक की पहचान बहेड़ी थाना क्षेत्र के नवायल गांव निवासी राजीव गंगवार (38) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर करीब दो बजे राजीव ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया. वीडियो में वह भावुक नजर आ रहा था. वीडियो में उसने कहा कि उसकी मां को उसकी बातों पर भरोसा नहीं है और वह खुद को बेहद अकेला महसूस कर रहा है. उसने यह भी स्पष्ट किया कि उसकी मौत के पीछे किसी लड़की या प्रेम प्रसंग का कोई संबंध नहीं है.

वीडियो पोस्ट करने के बाद खाया जहरीला पदार्थ

वीडियो में राजीव ने कहा कि वह अपने परिवार की वजह से यह कदम उठा रहा है. इसके साथ ही उसने यह भी बताया कि उसका शव मुड़िया टोल प्लाजा से आगे हाईवे किनारे मिलेगा. वीडियो पोस्ट करने के कुछ समय बाद राजीव नैनीताल हाईवे की ओर चला गया. पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उसने वहां किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया. कुछ देर बाद राहगीरों ने उसे सड़क किनारे अचेत अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने शुरू की जांच

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो युवक की मौत हो चुकी थी. घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई. बाद में मृतक की पहचान उसके परिजनों ने की. सूचना मिलने के बाद बहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, मृतक के मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट की भी जांच कर रही है.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

बहेड़ी के इंस्पेक्टर दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने का प्रतीत होता है. उन्होंने बताया कि मृतक की ठोड़ी पर हल्की चोट का निशान भी मिला है. पुलिस के मुताबिक यह चोट कैसे लगी, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा. रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि होगी और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us