पहले कबूल-कबूल-कबूल, फिर तलाक-तलाक-तलाक; 5 घंटे में ही क्यों टूटी शादी?

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां निकाह के सिर्फ 5 घंटे बाद दुल्हन ने दूल्हे को तलाक दे दिया. मेहर अदायगी के दौरान दूल्हे की अभद्र टिप्पणी से नाराज होकर दुल्हन ने यह फैसला लिया. काफी मान-मनौवल के बाद भी वह नहीं मानी और अंततः परिवारजनों की सहमति से शादी टूट गई. यह मामला पुलिस तक नहीं पहुंचा.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक शादी समारोह के दौरान हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां बारात आई, दुल्हन पक्ष ने बड़े शौक से बारातियों का स्वागत किया, निकाह पढ़ाया गया, लेकिन तभी दूल्हे का असली रूप सामने आया. जिसे देखकर दुल्हन भड़क गई. उसने विदाई से इनकार कर दिया. काफी मान मनौवल के बाद भी बात नहीं बनी. आखिर में महज पांच घंटे के अंदर ही तलाक हो गया.

मामला बाराबंकी के फतेहपुर नगर पंचायत स्थित नलापार वार्ड का है. जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को यहां रहने वाले मोहम्मद निजाम की 22 वर्षीय बेटी सायबा की बारात सद्दीपुर पट्टी गांव से आई थी. मोहम्मद निजाम और उनके परिवार वालों ने दूल्हे और बारातियों का खूब स्वागत किया. बड़े जश्नपूर्ण माहौल में दूल्हे जावेद के साथ सायबा का निकाह पढ़ाया गया. फिर अन्य धार्मिक रस्में शुरू हुई.

क्यों हुआ बवाल?

निकाह के बाद खाना खाने और मेहर अदायगी के दौरान दूल्हे ने कोई अभद्र टिप्पणी कर दी. यह टिप्पणी वहां मौजूद दुल्हन ने भी सून लिया. वह सुनते ही खड़ी हो गई और एक झटके में फैसला सुना दिया कि इस दूल्हे के साथ वह जीवन नहीं गुजार सकती. फिर क्या था? दोनों पक्षों के गणमान्य लोगों के बीच घंटों पंचायत हुई. फिर भी दुल्हन अपने फैसले से पीछे नहीं हटी. आखिर में महज पांच घंटे के अंदर ही दूल्हा दुल्हन में तलाक हो गया.

पुलिस तक नहीं पहुंचा मामला

स्थानीय लोगों के मुताबिक मेहर अदायगी की रस्म के दौरान दूल्हे ने कोई अभद्र हरकत की थी. इससे दुल्हन नाराज हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि कुछ देर पहले ही शादी के बंधन में बंधी दुल्हन ने दूल्हे को तलाक देकर भाग जाने को कह दिया. हालांकि बाद में दोनों पक्षों ने अपने स्तर पर तलाक पर सहमति बना ली. इस संबंध में किसी भी पक्ष ने पुलिस में कोई शिकायत नहीं दी है. समझौते के बाद दूल्हा अपनी बारात लेकर वापस लौट गया.

Follow Us