घर के बाहर 3 बच्चों संग सो रहे थे पिता, तभी काल बनकर दौड़ा डंपर; चारों की मौत
बाराबंकी में भीषण गर्मी और बिजली कटौती से परेशान होकर घर के बाहर सो रहे एक पिता और उनके तीन बच्चों को अनियंत्रित डंपर ने रौंद दिया, जिससे चारों की मौके पर ही मौत हो गई. पत्नी गंभीर रूप से घायल है. यह दर्दनाक हादसा फतेहपुर थाना क्षेत्र के झांसा गांव में हुआ, जिसने पूरे इलाके में मातम और हड़कंप मचा दिया है.
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में शुक्रवार की देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां बिजली कटौती और भीषण गर्मी से परेशान एक परिवार घर के बाहर सो रहा था. तभी एक बेलगाम डंपर ने इन सभी लोगों को रौंद दिया. इस हादसे में एक पिता और तीन बच्चों की मौत हो गई. जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. वहीं गांव में मातम पसर गया है. हादसा बाराबंकी के फतेहपुर थाना क्षेत्र में झांसा गांव का है.
स्थानीय लोगों के मुताबिक शुक्रवार को भीषण गर्मी थी. बिजली भी इतनी कट रही थी कि घर के अंदर सो पाना तो दूर, बैठना भी मुश्किल था. ऐसे में इस गांव में रहने वाले 35 वर्षीय नीरज रात में अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ घर के बाहर चारपायी लगाई और सो गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात अचानक तेज रफ्तार डंपर यहां से गुजरा और यहां आते ही अनियंत्रित हो गया. फिर देखते ही देखते इस डंपर ने पहले एक पेड़ में टक्कर मारी और फिर घर के बाहर सो रहे इस परिवार को रौंद डाला.
पिता पुत्र की मौके पर मौत
पेड़ से डंपर की टक्कर इतनी भयावह थी की आवाज सुनकर ही पूरा गांव जाग गया. लोग भाग कर मौके पर पहुंचे, लेकिन इतने समय में डंपर इस परिवार को कुचल चुका था. इस हादसे में नीरज और उसके 13 वर्षीय बेटे अनुराग की मौके पर ही मौत हो गई. ग्रामीणों ने आनन फानन में हादसे में घायल 10 वर्षीय अंशिका और 6 वर्षीय आंशू और नीज की पत्नी आरती को अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने अंशिका और आंशू को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल आरती को लखनऊ के लोहिया अस्पताल के लिए रेफर किया है.
खुद ड्राइवर थे नीरज
पड़ोसियों के मुताबिक मृतक नीरज खुद भी ड्राइवर थे.वह किराये पर मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का पेट पालते थे. इनका परिवार आर्थिक रूप से साधारण था. इस हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई. ग्रामीणों ने हालात को देखते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी. इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद से ही डंपर चालक फरार है. उसकी तलाश कराई जा रही है.