UP में आज भी प्रचंड गर्मी, बांदा-प्रयागराज में पारा 48 डिग्री के पार; जानें अपने शहर का हाल

उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है. बांदा और प्रयागराज में पारा 48°C के पार चला गया है. मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक पूरे प्रदेश में भीषण लू और गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है. दिन के साथ रात में भी राहत नहीं मिल रही, जिससे बिजली की मांग बढ़ी है. फिलहाल गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नजर नहीं आ रही है.

सांकेतिक तस्वीर Image Credit:

उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर बदस्तूर जारी है. आज फिर पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया गया है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान का अंतर कम रहेगा. इसकी वजह से दिन में तो चैन मिलेगा नहीं, रात में भी सुकून मिलने की उम्मीद कम ही है. भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक बुंदेलखंड के बांदा में तापमान लगातार 48 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है. वहीं प्रयागराज और वाराणसी में भी तापमान 45 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया है.

हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक भीषण गर्मी पड़ने का अलर्ट जारी किया है. इन पांच दिनों में झुलसाने वाली लू चलेगी. प्रदेश के एक बड़े हिस्से में दिन के साथ रात में भी चलने के आसार है. चूंकि गर्म पछुआ हवाएं लगातार चल रही हैं. इसलिए अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच का अंतर बहुत कम हो गया है. इसलिए रात में दोपहरी वाली गर्मी पड़ रही है. इन परिस्थितियों में घरों में ऐसी कूलर बंद नहीं हो रहे. परिणाम स्वरुप एक तरफ जहां बिजली की मांग अपने पीक पर है, वहीं ट्रांसफॉर्मर फॉल्ट ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.

यहां आसमान से बरसेगी आग

मौसम विभाग ने 10 जिलों में भीषण गर्मी का रेड अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में दिन और रात में लू चलती रहेगी. इन जिलों में बांदा- चित्रकूट के अलावा कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, वाराणसी, भदोही और जौनपुर आदि शामिल हैं. वहीं बलिया, गाजीपुर, मऊ, आजमगढ़, अयोध्या और लखनऊ आदि जिलों में भी आसमान से आग बरसेगी. मौसम विभाग ने देवरिया, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, फर्रुखाबाद, बाराबंकी, अयोध्या, अंबेडकर नगर, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, कासगंज, अमरोहा, शाहजहांपुर, संभल और बदायूं आदि 17 जिलों के लिए गर्मी का येलो अलर्ट जारी किया है.

देश में सबसे गर्म बांदा

देश में पड़ रही भीषण गर्मी का असर सबसे ज्यादा बुंदेलखंड में देखा जा रहा है. यहां बांदा जिला बीते एक हफ्ते से देश का सबसे गर्म जिला बना हुआ है. मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार को भी यहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री के पार दर्ज किया गया था. आज भी यहां 47.6 डिग्री सेल्सियस तक अधिकतम तापमान रहने की संभावना है. इसी प्रकार प्रयागराज, वाराणसी और आसपास के मैदानी क्षेत्रों में भी अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहेगा.

कब मिलेगी राहत?

आसमान से बरसती आग और गर्म पछुआ हवाओं ने लोगों को बेहाल कर दिया है. प्रदेश में इन दिनों 25 से 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चल रही हैं. इन हवाओं की वजह से नोएडा-गाजियाबाद जैसे भीड़ भाड़ वाले शहरों में भी सुबह 10 बजे के बाद सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है. बिजली की मांग रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है. विद्युत निगम की रिपोर्ट के मुताबिक बीते 21 मई को 656.60 मिलियन यूनिट बिजली की खपत हुई है. मौसम विभाग के मुताबिक चूंकि अभी कोई नया मौसम तंत्र एक्टिव नहीं है. ऐसे में हाल फिलहाल में राहत की कोई गुंजाइश नहीं है.

Follow Us