LPG टैंकर में रिसाव से दहशत, पुलिस ने बंद किया लखनऊ-अयोध्या हाईवे; बाराबंकी में लगा महाजाम

बाराबंकी में मथुरा से नेपाल जा रहे LPG टैंकर से रिसाव के कारण दहशत फैल गई. पुलिस ने तुरंत लखनऊ-अयोध्या हाईवे बंद कर ट्रैफिक डायवर्ट किया, जिससे शहर में भारी जाम लग गया. आग के खतरे को देखते हुए फायर ब्रिगेड और लखनऊ से विशेषज्ञों की टीम रिसाव रोकने में जुटी है. सुरक्षा के मद्देनजर आस-पास की दुकानें भी बंद करा दी गई हैं.

बाराबंकी में गैस टैंकर से रिसाव Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक एलपीजी टैंकर में रिसाव की वजह से बुधवार की शाम दहशत की स्थिति बन गई. सूचना मिलने पर बाराबंकी पुलिस ने आनन फानन में अयोध्या लखनऊ हाईवे को बंद कर ट्रैफिक को डायवर्ट कर दिया. इससे बाराबंकी शहर की अंदरुनी सड़कों पर लंबा जाम लग गया. वहीं दूसरी ओर फायर ब्रिगेड की टीम गैस का रिसाव बंद करने में जुटी है. इसके लिए लखनऊ से भी विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है.

घटना बाराबंकी में अति व्यस्त लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर असैनी मोड़ के पास बुधवार की शाम करीब साढ़े छह बजे का है. उस समय मथुरा से 18 टन एलपीजी की खेप लेकर एक टैंकर नेपाल जा रहा था. जैसे ही यह टैंकर असैनी मोड़ के पास पहुंचा, टैंकर चालक को गैस की बदबू का एहसास हुआ. उसने तुरंत गाड़ी को साइड में लगाई और पुलिस को सूचना दी. इसके बाद हरकत में आई पुलिस ने एहतियातन सड़क पर ट्रैफिक बंद करा दिया.

वॉल्व से हो रहा गैस का रिसाव

अधिकारियों के मुताबिक गैस का रिसाव टैंकर के ऊपरी वाल्व से हो रहा है. इसे बंद करने का काफी प्रयास किया गया, लेकिन रात में नौ बजे तक सफलता नहीं मिली थी. ऐसे में लखनऊ से विशेषज्ञों की टीम बुलाई गई है. टैंकर चालक गुरप्रीत के मुताबिक मथुरा से वह करीब 18 टन एलपीजी की खेप लेकर नेपाल जा रहा था. अचानक टैंकर से रिसाव होने की वजह से आग लगने का खतरा था. इसलिए उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने भी किसी प्रकार की अनहोनी रोकने के लिए ट्रैफिक डायवर्ट करने के साथ ही आसपास की दुकानों को बंद करा दिया है.

जाम हो गया बाराबंकी शहर

लखनऊ-अयोध्या हाईवे का ट्रैफिक शहर के अंदरुनी सड़कों पर डायवर्ट होने की वजह से पूरे शहर में जाम की स्थिति बन गई है. कई सड़कों पर चार से पांच किमी तक का जाम लग गया है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड पर है और जैसे तैसे जाम में फंसी गाड़ियों को निकालने की कोशिश हो रही है. वहीं हाईवे पर आग लगने की आशंका के मद्देनजर जिले भर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को बुला लिया गया है. मौके पर राहत एवं बचाव कार्य जारी है.

Follow Us