एकतरफा प्यार में सनकी प्रेमी का खौफनाक कदम, सोते परिवार पर फेंका तेजाब; दंपति और दो बच्चे झुलसे

बरेली में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक सनकी प्रेमी ने एकतरफा प्यार में महिला पर भयावह तेजाब हमला किया. महिला अपने पति के साथ सो रही थी, हमले में दंपति और उनके दो बच्चे भी बुरी तरह से झुलस गए हैं. सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

बरेली में सनकी प्रेमी ने सोते परिवार पर फेंका तेजाब Image Credit:

बरेली के शेरगढ़ कस्बे में शनिवार को एक भयावह तेजाब हमले मामला सामने आया है. एक सनकी युवक ने एकतरफा प्यार में महिला, उसके पति और दो बच्चों पर सोते समय तेजाब फेंक दिया, जिससे पूरा परिवार बुरी तरह झुलस गया. सभी घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है.

इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है. अस्पताल में भर्ती घायल महिला ने बताया कि आरोपी उससे एक तरफा प्यार करता था. महिला का कहना है, ‘मैं उसे नहीं जानती हूं, लेकिन वह मुझे परेशान करता था और एक तरफा प्यार करता था.’ महिला ने बताया कि उसने आरोपी से दूरी बना ली थी, जिसके बाद वह नाराज रहने लगा था.

आरोपी छत के रास्ते घर में घुसा, फेंक दिया तेजाब

बताया जा रहा है कि परिवार रात में बरामदे में चारपाई पर सो रहा था. गर्मी के कारण मच्छरदानी लगा रखी थी. तड़के सुबह आरोपी छत के रास्ते घर में घुस आया और मच्छरदानी पर तेजाब फेंक दिया. तेजाब गिरते ही मच्छरदानी जल गई और अंदर सो रहे परिवार के लोग उसकी चपेट में आ गए. तेजाब से महिला, उसका पति और दोनों बच्चे बुरी तरह झुलस गए.

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस ने घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. पीड़ित परिवार के चाचा ने बताया कि आरोपी का नाम उमेश कश्यप है, वह आए दिन महिला को परेशान करते रहता था.

आरोपी की तलाश में पुलिस की दो विशेष टीमें गठित

जानकारी के मुताबिक, परिवार वालों ने महिला को उससे दूर रहने के लिए कहा था. इसके बाद महिला कुछ समय के लिए मायके चली गई थी. करीब ढाई महीने बाद वह एक सप्ताह पहले ही वापस ससुराल लौटी थी. परिजनों का आरोप है कि महिला द्वारा बातचीत बंद करने के बाद आरोपी नाराज हो गया था. इसी के चलते उसने घर में घुसकर तेजाब फेंक दिया.

सूचना मिलते ही थाना शेरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ की. थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर उमेश कश्यप के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए दो विशेष टीमें बनाई हैं.

Follow Us