दिल्ली हादसे के बाद बरेली में भरभराकर गिरा दो मंजिला जर्जर मकान, बाल-बाल बचा परिवार

बरेली के आजमनगर में दो मंजिला जर्जर मकान बारिश में ढह गया. गनीमत रही कि पांच लोगों का परिवार बाल-बाल बचा, लेकिन उनका सारा सामान और गृहस्थी मलबे में दब गई. परिवार अब बेघर है. यह घटना दिल्ली हादसे के बाद बरेली नगर निगम की लापरवाही पर गंभीर सवाल उठाती है.

बरेली में जर्जर मकान गिरा, निगम की लापरवाही उजागर! Image Credit:

दिल्ली में जर्जर इमारत गिरने के हादसे के बाद भी बरेली में जिम्मेदार विभाग नहीं चेते. दो दिन से हो रही लगातार मूसलाधार बारिश के बीच शहर के आजमनगर में एक दो मंजिला जर्जर मकान अचानक भरभराकर गिर गया. मकान में पांच लोग रहते थे, जिनमें छोटे बच्चे भी शामिल हैं. गनीमत रही कि मकान गिरने से पहले परिवार के लोगों को खतरे का अंदाजा हो गया और सभी किसी तरह बाहर निकल आए. हादसे में परिवार बाल-बाल बचा.

मकान गिरने के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. मलबे में घर का पूरा सामान दब गया. दो मोटरसाइकिल भी मलबे में दब गईं. सोमवार सुबह से मजदूरों की मदद से मलबा हटाने का काम चल रहा है. परिवार का खाने-पीने का सामान, कपड़े और घरेलू सामान समेत जरूरत की कई चीजें मलबे के नीचे दबी हैं.

चाय की दुकान चलाकर परिवार का पालन-पोषण

मकान मालिक अजीम चाय की दुकान लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं. उनका कहना है कि बारिश के बीच किसी तरह परिवार की जान बच गई, लेकिन घर में रखा उनका पूरा सामान मलबे में दब गया. बच्चों के कपड़े और दहेज का सामान भी मकान के मलबे में दबा हुआ है. अब उनके परिवार के सामने सबसे बड़ी परेशानी रहने की है.

अजीम के मुताबिक परिवार के पास फिलहाल रहने के लिए कोई दूसरी जगह नहीं है. मकान गिरने के बाद परिवार सड़क पर आ गया है. पीड़ित परिवार ने प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है.

स्थानीय लोगों ने नगर निगम पर उठाए सवाल

स्थानीय लोगों का आरोप है कि यह मकान काफी समय से जर्जर हालत में था. इसके बावजूद नगर निगम की ओर से भवन को लेकर कोई नोटिस या प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई. लोगों का कहना है कि समय रहते जर्जर भवनों का सर्वे और कार्रवाई की जाती तो हादसे का खतरा कम किया जा सकता था.

दिल्ली में जर्जर इमारत गिरने की घटना के बाद बरेली में हुए इस हादसे ने नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. लोगों का कहना है कि शहर में ऐसे कई जर्जर मकान अब भी मौजूद हैं, जिन पर समय रहते कार्रवाई की जरूरत है.

बारिश ने खोली शहर की व्यवस्था की पोल

बारिश के कारण शहर में कई जगह हालात खराब हैं. दरगाह आला हजरत की गली में स्थित विवादित मंदिर का भी एक हिस्सा गिर गया. इसके अलावा शहर में दो से तीन मकान गिरने की सूचना है. फायर ब्रिगेड, एसपी कार्यालय, डीआईजी कार्यालय समेत कई सरकारी दफ्तरों और पॉश कॉलोनियों में भी पानी भर गया है.

लगातार बारिश ने शहर की व्यवस्था की पोल खोल दी है. अब सवाल यह है कि दिल्ली हादसे के बाद भी क्या बरेली में जर्जर मकानों का सर्वे और नोटिस देने की कार्रवाई होगी या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा.

Follow Us