बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकले बुजुर्ग की संदिग्ध मौत, सड़क किनारे खून से लथपथ शव मिला
बरेली के धौरा टांडा में मॉर्निंग वॉक पर निकले 65 वर्षीय बुजुर्ग का शव खून से लथपथ मिला. शरीर पर गंभीर चोटों के निशान देख परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
बरेली के भोजीपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक 65 वर्षीय बुजुर्ग का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. बुजुर्ग रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे, लेकिन कुछ देर बाद उनका शव बीबियापुर रोड किनारे पड़ा मिला. शरीर और सिर पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है.
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान धौरा टांडा निवासी सियाराम श्रीवास्तव पुत्र स्वर्गीय चुन्नीलाल श्रीवास्तव के रूप में हुई है. परिवार का आरोप है कि सियाराम हर दिन सुबह घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकलते थे. शुक्रवार सुबह भी वह करीब छह बजे घर से निकले थे, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटे. इसी बीच राहगीरों ने सड़क किनारे शव पड़ा देखा.
शरीर और सिर पर मिले गंभीर चोट के निशान
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि सियाराम श्रीवास्तव का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा था. शरीर, सीने, गले और सिर पर कई गंभीर चोटों के निशान दिखाई दिए. घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून फैला हुआ था. जैसे ही शव की पहचान हुई, परिवार के लोग मौके पर पहुंच गए. शव देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
पीआरबी और भोजीपुरा थाना पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू की और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की. साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी नमूने और अन्य साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी.
जब किसी से रंजिश नहीं थी, तो किसने ली जान
फिलहाल पुलिस इस मामले को हर पहलू से जांच रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि घटना से पहले और बाद में वहां कौन-कौन आया था. परिजनों का कहना है कि सियाराम श्रीवास्तव की किसी से कोई खुली रंजिश नहीं थी. परिवार यह जानना चाहता है कि आखिर उनके साथ क्या हुआ.
पुलिस भी इस सवाल का जवाब तलाशने में जुटी है. फिलहाल इलाके में शांति है, लेकिन सड़क किनारे बुजुर्ग का खून से लथपथ शव मिलने की घटना से धौरा टांडा और आसपास के क्षेत्रों में दहशत है. वहीं भोजीपुरा थाना प्रभारी कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
