अधिशासी अभियंता को ऑफिस में पीटा, हेलमेट पहनकर पहुंचे हमलावर; क्लर्क समेत 6 पर FIR

गोरखपुर के बाढ़ खंड कार्यालय में अधिशासी अभियंता पर जानलेवा हमला किया गया. मारपीट का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने क्लर्क समेत छह लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है. सीसीटीवी में सभी हमलावर हेलमेट पहने नजर आए.

गोरखपुर बाढ़ खंड अभियंता पर क्लर्क का हमला: 6 पर FIR

गोरखपुर में बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए विभाग के एक क्लर्क समेत 6 लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास में मुकदमा दर्ज किया है. इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें अधिकारी के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है. पुलिस अब आरोपियों की पहचान करने में जुटी है.

यह घटना गुरुवार दोपहर करीब एक बजे पैडलेगंज स्थित बाढ़ खंड कार्यालय की है. अधिशासी अभियंता विपिन सिंह के अनुसार, वह कार्यालय पहुंचे थे, तभी विभाग के क्लर्क दीपक पांडेय और ध्रुव जी सुमन अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचे और गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की और उनपर जानलेवा हमला कर दिया.

मुख्य आरोपी क्लर्क पहले से चल रहा निलंबित

सरकारी दफ्तर में इस घटना के दौरान अफरा-तफरी का माहौल हो गया था. सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि एक क्लर्क अधिशासी अभियंता को कई थप्पड़ मार रहा है, जबकि काला हेलमेट पहने एक अन्य युवक भी उन पर हमला करता दिखाई दे रहा है. बताया जा रहा है कि कार्यालय में करीब 20 मिनट तक यह हंगामा चलता रहा.

पीड़ित अधिशासी अभियंता ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि मुख्य आरोपी क्लर्क दीपक पांडेय पहले से निलंबित चल रहा है. वहीं, कैंट थाना पुलिस ने अधिशासी अभियंता की शिकायत के आधार पर दीपक पांडेय, ध्रुव जी सुमन और चार अज्ञात के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कर आगे की कार्रवाई कर रही है.

CCTV की मदद से हो रही आरोपियों की पहचान

वहीं, इस मामले में जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी कैंट अभय सिंह ने बताया कि पीड़ित अधिशासी अभियंता की तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की जा रही है. मामले की जांच जारी है और जांच-पड़ताल के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

Follow Us