क्या जहर देकर हुई हत्या? पोस्टमार्टम में सामने आएगा सच, बरेली में कब्र से निकाला शव
उत्तर प्रदेश के बरेली में सपा विधायक अताउर रहमान की महिला रिश्तेदार की मौत का रहस्य गहरा गया है. भाई द्वारा जहर देने के आरोपों के बाद, जिलाधिकारी के आदेश पर शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. पहले कैंसर से मौत बताई गई थी, लेकिन अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सच सामने आने की उम्मीद है, जिससे पूरे मामले पर से पर्दा उठ सकेगा.
उत्तर प्रदेश के बरेली में सपा के बहेड़ी से विधायक अताउर रहमान की महिला रिश्तेदार की मौत का मामला गहरा गया है. महिला के भाई की शिकायत पर मौत के छह दिन बाद पुलिस ने शव को कब्र से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. यह कार्रवाई जिलाधिकारी अभिनाश कुमार सिंह के आदेश पर हुई. महिला के भाई ने आरोप लगाया है कि उसकी बहन की सामान्य मौत नहीं हुई, बल्कि उसे जहर देकर मारा गया है.
इस घटनाक्रम के बाद अब सबकी नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं. माना जा रहा है कि पीएम रिपोर्ट में साफ हो जाएगा कि महिला की मौत बीमारी से हुई या इसके पीछे कोई दूसरी कहानी है. बता दें कि छह दिन पहले सपा विधायक के बहेड़ी के मोहल्ला बाजार मुड़िया रोड पर रहने वाले रिश्तेदार ताहिर की पत्नी तबस्सुम की मौत हो गई थी. वह लंबे समय से कैंसर की बीमारी से जूझ रही थीं. मौत के बाद धार्मिक रीति-रिवाज से उनका शव स्थानीय कब्रिस्तान में दफना दिया गया.
डीएम से लगाई थी गुहार
तबस्सुम के भाई जहीन इलियास अहमद ने 17 जुलाई को जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर अपनी बहन की मौत पर सवाल उठाए थे. उन्होंने बताया था कि सपा विधायक अताउर रहमान उनके बहनोई है और तबस्सुम उनकी पत्नी की सगी बहन थीं. अपनी शिकायत में जहीन ने आरोप लगाया था कि उनकी बहन को जहर देकर मारा गया है और जल्दबाजी में शव दफना कर दिया गया. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और शव का पोस्टमार्टम कराने की मांग की थी.
कैमरे के सामने निकाला शव
एसडीएम के आदेश पर शनिवार को कब्रिस्तान में शव निकालने की कार्रवाई शुरू हुई. पुलिस ने पहले पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी ताकि कोई बाहरी व्यक्ति मौके पर न पहुंच सके. इसके बाद कब्र की खुदाई से पहले चारों तरफ कपड़े का घेरा लगाया गया. इस दौरान केवल प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस टीम और जरूरी परिजनों को ही मौके पर रहने की अनुमति दी गई. इस पूरे घटनाक्रम की वीडियोग्राफी कराई गई है.
