कोबरा-वायपर नहीं, दामिनी को क्यों पसंद था करैत? इस वजह से 7 दिन डिले हुआ पति का मर्डर
मेरठ में दामिनी ने करैत सांप से पति की हत्या की साजिश रची थी. उसने कोबरा के बजाय करैत को प्राथमिकता दी, क्योंकि गूगल पर रिसर्च से पता चला कि यह रात में शिकार करता है और बिस्तर में घुस जाता है. करैत ढूंढने में देरी के कारण हत्या का प्लान 7 दिन टल गया. यह साजिश एक महीने पहले ही बुनी गई थी.
मेरठ में सांप से कटवाकर पति की हत्या करने वाली दामिनी का एक बड़ा सच सामने आया है. पुलिस की जांच में पता चला है कि दामिनी ने एक महीने पहले पति की हत्या की साजिश रची थी. उसने पति को मरवाने के लिए सांप से कटवाने का फैसला किया, लेकिन उलझन यह थी कि कौन सा सांप चुना जाए और उसे कैसे हासिल किया जाए. इसके लिए दामिनी ने गूगल पर अलग अलग तरह के सांपों के बारे में जानकारी जुटाई. फिर एक सपेरे को करैत सांप लाने का जिम्मा दिया.
पुलिस की जांच में पता चला है कि सपेरे के पास तो कोबरा सांप था, लेकिन यह सांप दामिनी को पसंद नहीं था, इसलिए उसे करैत लाने को कहा. चूंकि करैत सांप ढूंढने में समय लगा, इसलिए पत्नी की हत्या का प्लान भी 7 दिन डिले हो गया. पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि इंटरनेट पर सर्च करते समय दामिनी को पता लगा कि यही एक ऐसा सांप है, जो लोगों के बिस्तर में घुस जाता है और रात में शिकार करता है. उसे लगा कि यही सांप उसके प्लान के लिए सटीक होगा.
फोटो भेजकर मंगवाया सांप
दामिनी ने इंटरनेट से करैत सांप की फोटो डाउनलोड किया और इसे अपने साथियों सोनू और उदय को भेजकर इसकी व्यवस्था करने को कहा. फिर सोनू, तुषार और उदय ने एक सपेरे को 15 हजार रुपये देकर करैत सांप लाने को कहा. उस समय सपेरे ने इन्हें गेहुअन सांप देते हए कहा था कि यह बहुत जहरीला है, लेकिन दामिनी ने साफ मना कर दिया. उसे तो बस करैत ही चाहिए. दामिनी ने कहा कि उसका काम ठीक से करैत ही कर सकता है.
सोते-सोते मारने का था प्लान
जानकारी के मुताबिक दामिनी ने एक महीने पहले ही अपने पति अतुल पवार को मारने का प्लान बना लिया था. तय किया था कि सोते-सोते ही उसे मौत के घाट उतार देगी. पहले गला घोंटने का प्लान बनाया था, लेकिन इसमें पकड़े जाने का खतरा था. फिर उसने तुषार से बातचीत कर सांप से कटवाने की योजना बनाई. इस दौरान उसने पूरी कोशिश की कि पति को शक ना हो, इसलिए रोज उसके साथ ही सोती थी. बल्कि कुछ ज्यादा ही प्यार दिखाती थी.
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
तुषार ने जब सांप लाकर दामिनी को दिया तो उसने दो दिन तक उसे छिपाकर और भूखा रखा. फिर वारदात की रात गर्मी का बहाना कर बेटे को लेकर दूसरे कमरे में सोने चली गई और थोड़ी देर बाद सांप को लाकर अतुल के बिस्तर में छोड़ दिया. फिर थोड़ी ही देर बाद सांप ने अपना काम कर दिया. यह खुलासा पुलिस ने अतुल पवार हत्याकांड में दामिनी, तुषार, सोनू और उदय से अलग अलग पूछताछ के बाद किया है.
