बरेली स्टेशन पर यात्री को आया हार्ट अटैक, GRP का सिपाही बना फरिश्ता; CPR देकर बचाई जान-Video
उत्तर प्रदेश के बरेली रेलवे स्टेशन पर जीआरपी सिपाही हरिओम ने अपनी सूझबूझ से एक यात्री की जान बचाई. ट्रेन से उतरते ही यात्री को हार्ट अटैक आ गया. सिपाही हरिओम ने तुरंत CPR दिया, जिससे 90 सेकंड में उसकी धड़कनें वापस आ गईं. सोशल मीडिया पर सिपाही के इस साहसी कार्य की खूब सराहना हो रही है, लोग उसे 'फरिश्ता' बता रहे हैं.
उत्तर प्रदेश के बरेली रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया. यहां प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर ड्यूटी में तैनात जीआरपी के सिपाही हरीओम की सूझबूझ ने एक यात्री की जान बचा ली. यहां ट्रेन से उतरते ही एक यात्री को हार्ट अटैक आ गया. देखते ही देखते वह यात्री चक्कर खाकर गिर गया. उसकी सांसें थम गईं. यह देखते ही स्टेशन पर हड़कंप मच गया. इतने में जीआरपी के सिपाही हरीओम की नजर पड़ी. वह दौड़ कर आया और तुरंत सीपीआर देना शुरू किया.
कुछ ही सेकंड के प्रयास के बाद यात्री की धड़कनें लौट आईं. इस घटना की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया में तेजी से वायरल हो रही हैं. सोशल मीडिया यूजर सिपाही की खूब तारीफ कर रहे हैं. दरअसल, बिहार के गया निवासी दिनेश मोनिया (50) हावड़ा-दिल्ली अमृत भारत ट्रेन से बरेली पहुंचे थे. वह इन दिनों धनबाद में रहकर ऑटो चलाते हैं. उनके परिवार में पत्नी लक्ष्मी, 16 साल का बेटा विशाल और 19 साल की बेटी गुड़िया हैं.
परिवार के साथ आए थे मनौना धाम
दिनेश मोनिया मंगलवार को अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ बरेली के मनौना धाम दर्शन के लिए आए थे. यहां स्टेशन पर उतरते ही यह घटना हो गई. इसलिए उन्हें तो अस्पताल में भर्ती कराया गया, वहीं उनके साथ आए 24 अन्य लोगों ने मनौना धाम दर्शन करने पहुंचे. बताया जा रहा है कि ट्रेन से उतरते ही दिनेश के सीने में तेज दर्द उठा. इसकी वजह से वह कुछ कदम ही चल पाए और प्लेटफॉर्म पर गिर पड़े. यह देख उनके साथ मौजूद परिजन व रिश्तेदार घबरा गए.
90 सेकंड के सीपीआर से बची जान
सिपाही हरीओम के मुताबिक उसने 90 सेकंड तक सीपीआर दी. इससे दिनेश के शरीर में हलचल शुरू हो गई और उनकी सांसें धीरे-धीरे लौटने लगीं. यह देखकर परिवार के लोगों ने भी राहत की सांस ली और सिपाही का धन्यवाद किया. इसके बाद परिजन दिनेश को अस्पताल ले गए. डॉक्टरों का कहना है कि अगर सही समय पर सीपीआर नहीं मिलता तो मरीज की जान जा सकती थी. घटना की वायरल तस्वीरों पर लोग सिपाही की खूब सराहना कर रहे हैं. कोई उसे फरिश्ता बता रहा तो कोई देवदूत कह रहा है.
