गाजियाबाद के स्कूल में फिर घुसा तेंदुआ, 45 सदस्यीय टीम ने किया रेस्क्यू; 9 घंटे दहशत में रहे लोग

गाजियाबाद के गोविंदपुरम स्कूल में तेंदुए के घुसने से हड़कंप मच गया. सीसीटीवी में कैद इस घटना के बाद 10 घंटे तक आसपास दहशत रही. वन विभाग की 45 सदस्यीय टीम ने 9 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद तेंदुए को बेहोश कर काबू किया. बॉथरूम में बंद कर दीवार तोड़कर रेस्क्यू किया गया. अब इसे सहारनपुर के शिवालिक पहाड़ियों में छोड़ा जाएगा.

स्कूल में घुसे तेंदुए का हुआ रेस्क्यू

राष्ट्रीय राजधानी से सटे उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक बार फिर तेंदुए की दहशत देखने को मिली. यह तेंदुआ गोविंदपुरम के एक स्कूल में घुस आया था. इसका सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद हड़कंप मच गया. स्कूल के आसपास की कॉलोनियों में बसे लोग 10 घंटे तक डर के साए में रहे. आनन फानन में सूचना वन विभाग के अधिकारियों को दी गई. इसके बाद करीब नौ घंटे की मशक्कत के बाद तेंदुए को बेहोश कर काबू किया जा सका है.

घटना बुधवार की सुबह करीब 7:15 बजे का है. उस समय स्कूल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो उसमें तेंदुआ अंदर घुसते नजर आया. स्कूल प्रबंधन ने तत्काल मामले की जानकारी वन विभाग और पुलिस को दी. इसी के साथ स्कूल में छुट्टी घोषित कर दी गई. इतने में वन विभाग के अधिकारियों ने रेस्क्यू प्लान किया, लेकिन काम थोड़ा मुश्किल होने की वजह से मेरठ से 45 विशेषज्ञ कर्मचारियों की फौज बुलाई गई.

ऐसे चला रेस्क्यू ऑपरेशन

वन विभाग के कर्मचारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया तो तेंदुआ बॉथरूम में घुस गया. ऐसे में वन विभाग की टीम ने उसे बॉथरूम में ही बंद कर दिया. फिर बॉथरूम की ग्रिल काटकर ट्रेगुलाइज गन से उसे बेहोश करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. ऐसे में बॉथरूम की दीवार काटकर तेंदुए को बेहोश किया गया. इसके बाद तेंदुए को पिंजरे में डालकर सहारनपुर फॉरेस्ट रेंज के लिए रवाना कर दिया गया.

रेस्क्यू पर उठे सवाल

तेंदुए को रेस्क्यू करने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने उसे पहले पिंजरे में बंद किया और फिर पिंजरे को काली नीली पॉलिथीन से विधिवत कवर कर दिया गया. ऐसे में आशंका है कि तेंदुए को सांस लेने में परेशानी हो सकती है. चूंकि उसे सहारनपुर में शिवालिक की पहाड़ियों में छोड़ा जाना है, ऐसे में इतनी दूरी तक ले जाने में उसका दम भी घुट सकता है. हालांकि वन विभाग के अधिकारियों का तर्क था कि तेंदुआ शर्मिला जानवर है. इसे रोशनी पसंद नहीं है.