साहेब, वो नहीं चाहता कि मेरी शादी हो… युवती ने SP से लगाई गुहार, बोली- 2 बार तोड़ दिया रिश्ता
बाराबंकी में एक युवती ने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है. आरोप लगाया है कि कोई अज्ञात व्यक्ति फोन पर बदनाम कर उसकी शादी दो बार तुड़वा चुका है. सरकारी कर्मचारी पीड़िता ने बताया कि आरोपी चरित्र हनन कर रहा है. पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी की पहचान और धरपकड़ शुरू कर दी है. युवती को डर है कि उसका अगला रिश्ता भी टूट जाएगा.
उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक हैरान करने वाली घटना हुई है. यहां एसपी ऑफिस पहुंची एक युवती ने हैरान करने वाली शिकायत दी है. बताया कि कोई ऐसा है जो उसकी शादी नहीं होने दे रहा. पीड़िता के मुताबिक जब उसकी शादी तय होती है, आरोपी उसके ससुराल में फोन कर उल्टी सीधी बातें करता है. इससे शादी टूट जाती है. आरोपी की हरकतों की वजह से दो बार उसकी शादी टूट चुकी है. अब फिर उसका रिश्ता तय हो रहा है, लेकिन उसे फिर शादी टूटने का डर है.
पीड़िता के मुताबिक वह आरोपी को नहीं जानती, लेकिन वह उसे भी फोन कर बदनाम करने और शादी नहीं होने देने की धमकी दे चुका है. बाराबंकी नगर के ही एक मोहल्ले में रहने वाली पीड़िता के मुताबिक एसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाई है. एसपी के सामने अपना दर्द बयां करते हुए युवती की आंखों से आंसू छलक पड़े. इसे देखकर एसपी ने तत्काल नगर कोतवाल को निर्देश देकर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया है. पुलिस आरोपी की पहचान और धरपकड़ में जुट गई है.
सरकारी कर्मचारी है पीड़िता
पीड़िता ने एसपी को बताया कि वह एक सरकारी दफ्तर में कर्मचारी है. पिछले दिनों उसका रिश्ता तय हुआ था. कुछ ही दिन बाद वह रिश्ता टूट गया. पता चला कि किसी व्यक्ति ने उसकी ससुराल में फोनकर उसके बारे में अनाप-सनाब बातें की है. इसके बाद दूसरी जगह रिश्ता तय हुआ तो यहां भी आरोपी ने फोन कर उसके बारे में झूठी अफवाहें फैलाईं. उसके बारे में गलत बातें बताकर ससुराल वालों को गुमराह किया गया.
जांच में जुटी पुलिस
पीड़िता के मुताबिक आरोपी उसके चरित्र पर झूठे आरोप लगा रहा है और उनके परिजनों को भी फोन कर कर मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है. पुलिस के मुताबिक पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. अब पुलिस मोबाइल नंबर को ट्रैस करने की कोशिश कर रही है. एसपी बाराबंकी के मुताबिक जल्द ही आरोपी को अरेस्ट कर लिया जाएगा.
