पहले शादी का झांसा, फिर ब्लैकमेलिंग का खेल; युवती से 8 लाख मांगने वाला आरोपी गिरफ्तार

बरेली में एक युवक को शादी का झांसा देकर युवती से छह साल तक संबंध बनाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. आरोपी ने धर्म का बहाना बनाकर शादी से इनकार किया था. इसके बाद अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने लगा. साथ ही युवती से आठ लाख रुपये की रंगदारी की भी मांग की थी.

बरेली में शादी धोखाधड़ी, आरोपी युवक गिरफ्तार Image Credit:

बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में एक युवती ने युवक पर शादी का झांसा देकर करीब छह साल तक संबंध बनाने और बाद में शादी से इनकार करने का आरोप लगाया है. आरोप है कि युवक ने उसके अश्लील फोटो और वीडियो भी बना लिए थे. बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर उससे आठ लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई.

पीड़ित युवती ने तहरीर में बताया कि बारादरी के जगतपुर इलाके का रहने वाला मोहित कन्नौजिया उससे संपर्क में था. आरोप है कि मोहित ने उससे शादी करने का भरोसा दिया और इसी भरोसे के चलते दोनों के बीच संबंध बने. करीब छह साल बाद आरोपी शादी से इनकार कर दिया और अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए लगातार ब्लैकमेल करने लगा.

बदनाम करने, झूठे केस में फंसाने की धमकी

युवती ने पुलिस को बताया कि शादी का झांसा देकर 6 साल तक आरोपी ने कई बार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए. बाद में जब युवती ने शादी की बात कही तो आरोपी ने उससे दूरी बनानी शुरू कर दी. पीड़ित युवती का आरोप है कि इसी साल पांच अप्रैल को मोहित ने उसके साथ अभद्रता की. साथ ही साफ तौर पर शादी करने से इनकार कर दिया.

आरोप है कि मोहित ने युवती से कहा कि वह शादी का सपना देखना बंद कर दे. शिकायत करने पर उसे बदनाम करने और झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी भी दी गई. युवती ने यह भी आरोप लगाया कि मोहित ने अपने परिवार के साथ मिलकर हत्या की धमकी दी थी. 13 जुलाई को कचहरी में उससे एक समझौतानामा भी लिखवाया गया था.

पांच लाख ले चुका, 8 लाख और मांगी रंगदारी

युवती का आरोप है कि मोहित अब तक उससे करीब पांच लाख रुपये ले चुका है. इसके बाद भी उसकी मांग खत्म नहीं हुई. अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर आरोपी ने उससे आठ लाख रुपये की रंगदारी मांगी. युवती ने पुलिस से कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि उसे लगातार धमकियां दी जा रही थीं.

आरोप है कि मोहित ने कहा कि उसका धर्म दूसरा है इस लिय शादी नहीं कर सकता. युवती की शिकायत के आधार पर इज्जतनगर थाने में मोहित कन्नौजिया, उसकी मां और बहन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई. पुलिस ने आरोपी मोहित को गल्ला मंडी के पास से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस अब मामले में सामने आए अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है.

Follow Us