‘राम मंदिर पर सवाल, वक्फ बोर्ड पर चुप्पी क्यों?’ मौलाना ने अखिलेश से मांगा जवाब

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी वक्फ बोर्ड में कथित बड़े घोटालों का मुद्दा जोर-शोर से उठा रहे हैं. इस बीच उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उनका कहना है कि अखिलेश यादव राम मंदिर चढ़ावा पर सवाल करते हैं, लेकिन वक्फ बोर्ड पर नहीं. जबकि सपा सरकार में बड़े स्तर पर जमीनों में गड़बड़ी हुई.

ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के अध्यक्ष मौलाना रज़वी (फाइल फोटो) Image Credit:

बरेली में ऑल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि इन दिनों संसद और उत्तर प्रदेश विधानसभा में राम मंदिर के चंदे से जुड़े मामले को लगातार उठाया जा रहा है, लेकिन वक्फ बोर्ड में हुए बड़े घोटालों पर कोई चर्चा नहीं की जा रही.

मौलाना रजवी का कहना है कि अगर राम मंदिर के चंदे के मामले पर सवाल उठाए जा रहे हैं तो वक्फ बोर्ड में हुए कथित घोटालों पर भी खुलकर चर्चा होनी चाहिए. उनके मुताबिक, सभी मामलों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए. जनता के सामने सभी मामलों की सच्चाई आनी चाहिए.

‘सपा सरकार में बड़े स्तर पर जमीनों में हुई गड़बड़ी’

मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि देश और प्रदेश में छात्रों, युवाओं, रोजगार और विकास जैसे कई अहम मुद्दे हैं, जिन पर संसद और विधानसभा में चर्चा होनी चाहिए. उनका आरोप है कि इन मुद्दों के बजाय राम मंदिर के चंदे के मामले को लेकर लगातार हंगामा किया जा रहा है, जिससे लोगों का ध्यान दूसरी समस्याओं से हटाया जा सके.

मौलाना ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी की सरकार के समय वक्फ बोर्ड की जमीनों से जुड़े मामलों में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई थी. उनका कहना है कि इस मामले में कई लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने करीब 100 पन्नों के दस्तावेज जिला अधिकारी को सौंप दिए हैं और अब उन्हें जांच की प्रगति और कार्रवाई का इंतजार है.

जब तक जवाब नही मिलता, मुद्दा उठाते रहेंगे- रजवी

पत्रकारों के सवाल पर मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि जब तक वक्फ बोर्ड से जुड़े मामलों में जवाब नहीं मिलता, तब तक वह इस मुद्दे को उठाते रहेंगे. उनका कहना है कि जनता को हर उस मामले की जानकारी मिलनी चाहिए, जिसमें सरकारी या सार्वजनिक संपत्ति से जुड़े आरोप लगे हों.

मौलाना रजवी ने कहा कि वह चाहते हैं कि संसद और विधानसभा में सभी महत्वपूर्ण मुद्दों पर बराबर चर्चा हो. साथ ही जिन मामलों में भ्रष्टाचार या गड़बड़ी के आरोप हैं, उनकी निष्पक्ष जांच कराकर सच जनता के सामने लाया जाए. उन्होंने अखिलेश यादव से भी वक्फ बोर्ड के कथित घोटाले पर अपना पक्ष स्पष्ट करने की मांग की.

Follow Us