बरेली मेट्रो को बड़ा झटका! डिपो के लिए नहीं मिली एयरपोर्ट की जमीन, नई सिरे से होगी तलाश

बरेली मेट्रो प्रोजेक्ट को बड़ा झटका लगा है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुरक्षा कारणों से मेट्रो डिपो के लिए जमीन देने से इनकार कर दिया है. अब बरेली विकास प्राधिकरण (BDA) को डिपो के लिए नई जगह की तलाश करनी होगी, जिससे 4500 करोड़ रुपये के इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर असर पड़ा है. पूर्व में भी आईवीआरआई से जमीन नहीं मिल पाई थी. यह परियोजना 21.5 किमी लंबे कॉरिडोर और 11 स्टेशनों को कवर करेगी.

मेट्रो (सांकेतिक तस्वीर) Image Credit:

उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में प्रस्तावित मेट्रो प्रोजेक्ट को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है. एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मेट्रो डिपो के लिए अपनी जमीन देने से इनकार कर दिया है. ऐसे में डिपो के लिए कोई नई जगह तलाश करनी होगी. इसके लिए बरेली विकास प्राधिकरण ने कवायद शुरू कर दी है. सीएम योगी की मंशा के अनुरूप शहर में करीब 21.5 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर का प्रस्ताव तैयार किया गया है.

कॉरिडोर का रूट फाइनल हो चुका है. इस रूट पर कुल 11 स्टेशन बनाए जाने हैं. करीब साढ़े चार हजार करोड़ रुपये के इस प्रोजेक्ट के लिए एयरपोर्ट की जमीन पर मेट्रो डिपो बनाया जाना था, लेकिन एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए अपनी जमीन देने से साफ मना कर दिया है. ऐसे में बरेली विकास प्राधिकरण के सामने मेट्रो डिपो के लिए नई जगह की तलाश करना बड़ी चुनौती बन गया है.

राइट्स ने तैयार किया है DPR

मेट्रो परियोजना की डीपीआर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस यानी राइट्स ने तैयार की है. इस रिपोर्ट में मेट्रो रूट के साथ एक बड़े डिपो का भी प्रस्ताव रखा गया है. डिपो वह जगह होती है जहां मेट्रो ट्रेनों की पार्किंग, रखरखाव और संचालन से जुड़ी व्यवस्थाएं की जाती हैं. इसके लिए करीब 20 हेक्टेयर जमीन की जरूरत बताई गई है. शुरुआत में डिपो के लिए आईवीआरआई के पास जमीन देखी गई थी. बताया जाता है कि जमीन को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ी, लेकिन बाद में आईवीआरआई की तरफ से अनुमति नहीं मिल सकी.

अब आई नई अड़चन

इसके बाद बीडीए ने एयरपोर्ट से सटी जमीन को विकल्प के तौर पर चुना. इसके लिए बीडीए और एयरपोर्ट अथॉरिटी के बीच कई दौर की बातचीत भी हुई. माना जा रहा था कि मामला आगे बढ़ेगा, लेकिन अब एयरपोर्ट अथॉरिटी ने भी सुरक्षा का हवाला देते हुए जमीन देने से मना कर दिया है. एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि मेट्रो ट्रैक की ऊंचाई और आसपास लोगों की आवाजाही भविष्य में सुरक्षा के लिए खतरा बन सकती है.

दो कॉरिडोर पर तैयार है मेट्रो प्लान

प्रस्तावित योजना के अनुसार बरेली में दो मेट्रो रूट बनाए जाने हैं. पहला ब्लू लाइन कॉरिडोर होगा, जो बरेली जंक्शन से शुरू होकर चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, सेटेलाइट, बीसलपुर चौराहा, रुहेलखंड यूनिवर्सिटी होते हुए फन सिटी तक जाएगा. इसकी कुल लंबाई 12.5 किलोमीटर प्रस्तावित है.

दूसरा रेड लाइन कॉरिडोर होगा, जो चौकी चौराहे से शुरू होकर अय्यूब खां चौराहा, कुतुबखाना मार्केट, डीडीपुरम, आईवीआरआई, रुहेलखंड यूनिवर्सिटी और फन सिटी तक पहुंचेगा. इसकी लंबाई करीब 9 किलोमीटर तय की गई है. संयुक्त महाप्रबंधक राइटस वीके सिंह के मुताबिक डिपो के लिए जमीन तय नहीं हो पाई है. डिपो के लिए जगह तय होने के बाद ही डीपीआर बीडीए को सौंपा जाएगा.

Follow Us