बहन के अफेयर का विरोध किया, तो बॉयफ्रेंड ने भाई को सिर में गोली मार उतारा मौत के घात
बरेली में एक युवक को अपनी बहन के अफेयर का विरोध करना भारी पड़ गया. इससे तमतमाए उसकी बहन के बॉयफ्रेंड ने रात अपने साथियों ने युवक के सिर में गोली मार दी.गोली लगने से अर्जुन घायल हो गया और अस्पताल में मौत हो गई.
बरेली के बारादरी थाना क्षेत्र के संजय नगर में एक युवक की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतक की पहचान डीजे संचालक अर्जुन मौर्य के रूप में हुई है. पुलिस का कहना है कि अर्जुन की हत्या उसकी बहन से जुड़े प्रेम प्रसंग के विवाद में की गई.
परिजनों के मुताबिक- आरोपी जबरन उनकी बेटी से करता था छेड़छाड़
परिजनों के मुताबिक, अर्जुन की बहन को आरोपी कुश काफी समय से परेशान कर रहा था. बहन का कहना है कि कुश जबरन उससे बात करने का दबाव बनाता था और कई बार छेड़छाड़ भी करता था. जब अर्जुन को इस बात की जानकारी हुई तो उसने इसका विरोध किया. इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया.
रात में घर लौटते वक्त सिर में मार दी गोली
घटना वाली रात अर्जुन डीजे बजाकर अपने घर लौट रहा था. आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे कुश ने अपने साथियों अर्पित और कपिल के साथ मिलकर अर्जुन को रोक लिया. इसके बाद उसके सिर में गोली मार दी गई. गोली लगने से अर्जुन घायल हो गया और अस्पताल में मौत हो गई.
मृतक के परिवार ने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग की
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है. परिजनों का कहना है कि अर्जुन ही घर चलाता था और पूरे परिवार की जिम्मेदारी उसी पर थी.मृतक के पिता ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एनकाउंटर की मांग की है. उनका कहना है कि बेटे को इंसाफ मिलना चाहिए.
पुलिस ने कहा- मृतक की बहन से था आरोपी का अफेयर
हालांकि, इस पूरे मामले में एसपी सिटी मानुष पारीक ने जो बताया, वह परिवार के दावे से अलग है. उनके मुताबिक शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक की बहन और आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे. मृतक अर्जुन की बहन का आरोपी कुश से प्रेम प्रसंग चल रहा था. इस बात पर दोनों का विवाद हुआ और देर रात आरोपी कुश ने अपने साथियों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया.
पुलिस के कब्जे में एक सीसीटीवी फुटेज भी है, जिसमें मृतक और आरोपी दिखाई दे रहे हैं.पुलिस ने पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. आरोपियों की पहचान कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार दबिश दे रही हैं. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.