बरेली में सास-साले का कातिल एनकाउंटर में मारा गया, मां की हत्या का भी लग चुका है आरोप
बरेली में सास और साले के कातिल अफसर उर्फ बौरा को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है. आरोपी अफसर शराब का आदी था और पिछले करीब नौ साल से अपनी पत्नी को परेशान कर रहा था. आए दिन मारपीट और झगड़ा होता रहता था. उसपर नाबालिग रहते हुए अपनी मां की हत्या का भी आरोप था.
उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के इज्जतनगर इलाके में अपनी सास और साले की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी अफसर उर्फ बौरा को मंगलवार सुबह पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया. पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई. यह मुठभेड़ सहारा ग्राउंड के पास हुई.
बरेली के. एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि दोहरे हत्याकांड के बाद से ही आरोपी फरार चल रहा था. पांच टीमों का गठन किया गया था. पुलिस लगातार उसकी तलाश में दबिश दे रही थी. मंगलवार सुबह मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सहारा ग्राउंड के पास देखा गया है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी कर दी.
घेराबंदी होते ही पुलिस पर कर दी फायरिंग
पुलिस के अनुसार जैसे ही आरोपी को लगा कि वह घिर चुका है, उसने बचने के लिए पुलिस पर ही फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई फायरिंग से पुलिस टीम सतर्क हो गई और जवाबी कार्रवाई की. इसी दौरान चली गोली आरोपी अफसर को लग गई और वह वहीं गिर पड़ा. पुलिस उसे तुरंत अस्पताल लेकर जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
पंचायत में किया था हमला
मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं. मौके से पुलिस ने करीब 10 कारतूस बरामद किए हैं. इसके अलावा एक 32 बोर की पिस्टल और वही चाकू भी बरामद हुआ है, जिससे उसने हत्या की वारदात को अंजाम दिया था. सोमवार यानी 16 मार्च को को इज्जतनगर थाना क्षेत्र के रहपुरा चौधरी इलाके में एक पंचायत बुलाई गई थी. बताया जा रहा है कि यह पंचायत पति-पत्नी के विवाद को सुलझाने के लिए रखी गई थी. पंचायत में आरोपी भी पहुंचा था. इसी दौरान उसने अचानक अपनी पत्नी साइमा, सास आसमा और साले आदिल पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया.
सास-साले की मौत, पत्नी गंभीर रूप से घायल
हमला में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी साइमा गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है. यह पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी थी.
नौ साल से पत्नी को कर रहा था परेशान
परिजनों के मुताबिक आरोपी अफसर शराब का आदी था और पिछले करीब नौ साल से अपनी पत्नी को परेशान कर रहा था. आए दिन मारपीट और झगड़ा होता रहता था. रविवार को भी उसने हमला किया था, लेकिन उस समय वह मौके से भाग निकला था.बताया जा रहा है कि सोमवार यानी 16 मार्च को को वह पूरी तैयारी के साथ पंचायत में पहुंचा था और हत्या की नीयत से ही हमला किया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अगर आरोपी जिंदा रहता तो वह दोबारा भी बड़ी वारदात कर सकता था.
मां की हत्या का भी लगा था आरोप
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है. बताया जा रहा है कि साल 2004 में, जब वह नाबालिग था, तब उसने अपनी मामी के साथ मिलकर अपनी ही मां की हत्या की थी. फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और इलाके में एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.
़
