नवरात्रि में नॉनवेज की दुकानों को ‘नो’, वाराणसी में पूरे 9 दिन मांस-मछली की बिक्री पर रहेगी रोक

आगामी चैत्र नवरात्रि को देखते हुए वाराणसी नगर निगम ने शहर में नॉनवेज की दुकानों को पूरे 9 दिन तक बंद करने का आदेश दिया है. इस दौरान किसी भी तरीके से नॉनवेज की बिक्री पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी. वाराणसी नगर निगम ने ये फैसला श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान रखते हुए लिया है.

वाराणसी में नवरात्रि पर बंद रहेंगी मीट की दुकानें

धर्म नगरी काशी में नवरात्रि पर नॉनवेज की दुकानें बंद रहेंगी. नगर निगम सीमा के अंतर्गत आने वाली सभी मीट, मुर्गा और मछली की दुकानें पूरी तरह बंद रहेंगे. वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में सिगरा स्थित वाराणसी स्मार्ट सिटी के सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में ये फैसला लिया गया है. महापौर ने नवरात्रि से पहले सभी प्रमुख देवी मंदिरों की ओर जाने वाले मार्गों का तत्काल निरीक्षण कर पैच वर्क कराने, गड्ढों की मरम्मत कराने का भी निर्देश दिया है. स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सड़कों के किनारे नियमित चूने के छिड़काव करने को कहा गया है.

पूरे 9 दिन बंद रहेंगी मांस-मछली की दुकानें

बैठक में लिए गए फैसले पर बोलते हुए मेयर अशोक तिवारी ने कहा कि ‘आगामी चैत्र नवरात्र के पावन पर्व की गरिमा और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए काशी जो की बाबा विश्वनाथ की नगरी के साथ साथ मां अन्नपूर्णा की भी नगरी है, इस बात का ख़्याल रखते हुए कि काशी में मां दुर्गा के सभी नौ स्वरूपों के मंदिर हैं और यहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ होती है. श्रद्धालुओं की श्रद्धा का सम्मान करते हुए नॉनवेज की दुकानों को बंद रखने के फैसले का कड़ाई से अनुपालन कराने का निर्णय लिया गया है, ताकी धार्मिक वातावरण बना रहे’.

जलकल विभाग को दी गई चेतावनी

जलकल विभाग को कड़ी चेतावनी दी गई कि पर्व के समय शहर में कहीं भी सीवर ओवरफ्लो की समस्या नहीं दिखनी चाहिए और पेयजल की निर्बाध आपूर्ति हर हाल में दुरुस्त रखी जाए. मेयर के निर्देश पर नगर आयुक्त ने सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों से दो टूक कहा कि सभी विभाग मिलकर और आपस में समन्वय बनाते हुए नवरात्रि से पहले बुनियादी सुविधाओं को बेहतर करने पर काम करेंगे.

Follow Us