बस का पीछा किया, गोलियां बरसाईं… बरेली में दबंगों का तांडव; ड्राइवर-कंडक्टर को रातभर बंधक बनाकर पीटा

बरेली के नैनीताल बाइपास पर एक सड़क दुर्घटना के बाद दबंगई का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. गोल्डी बस सर्विस के ड्राइवर-कंडक्टर का अपहरण कर, उन पर गोलियां चलाई गईं और शाहजहांपुर ले जाकर रातभर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया. भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी है.

गोल्डी बस सर्विस की बस (प्रतीकात्मक तस्वीर) Image Credit:

बरेली के नैनीताल बाइपास पर हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद दबंगई का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया. शाहजहांपुर की गोल्डी बस सर्विस के ड्राइवर-कंडक्टर का आरोप है कि कुछ लोगों ने उनकी बस का पीछा किया, रास्ते में गोलियां चलाईं और फिर दोनों को अगवा कर रातभर बंधक बनाकर बेरहमी से पीटा गया.

गोल्डी बस सर्विस की बस को खाली होकर मेरठ जा रही थी. बरेली स्थित नैनीताल बाइपास पुल के पास अचानक सामने एक ट्रैक्टर आ गया. चालक को हल्का नींद का झोंका आने से उसने बस पर ब्रेक लगा दिए जिससे पीछे से आ रही दूसरी बस उनकी बस से टकरा गई. हादसा ज्यादा बड़ा नहीं था, लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने सभी को दहला दिया.

फिल्मी अंदाज में बस की पीछा, दागीं गोलियां

पीड़ितों का आरोप है कि दुर्घटना के बाद दूसरी बस से जुड़े कुछ लोग भड़क गए. उन्होंने थार, फॉर्च्यूनर और अन्य वाहनों से बस का पीछा करना शुरू कर दिया. बस चालक आलिम और परिचालक आकाश का आरोप है कि आरोपियों ने कई किलोमीटर तक उनका पीछा किया और बस को रोकने के लिए सड़क पर करीब 20 राउंड फायरिंग की.

अचानक हुई फायरिंग से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. जान बचाने के लिए चालक बस को आगे बढ़ाता रहा, लेकिन दबंगों ने आखिरकार बस को घेर लिया. इसके बाद चालक आलिम और परिचालक आकाश को जबरन गाड़ी में बैठाकर अपने साथ ले गए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूरा घटनाक्रम किसी फिल्मी सीन जैसा नजर आ रहा था.

निगोही में रातभर बंधक बनाकर बरपाया कहर

अपहरण के बाद दोनों को शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र में ले जाया गया. वहां एक मकान में उन्हें रातभर बंधक बनाकर रखा गया. पीड़ितों का आरोप है कि इस दौरान उनके साथ बेरहमी से मारपीट की गई. लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला किया गया, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं. दोनों की पीठ, सीने और हाथ-पैरों पर गहरे जख्म हैं.

इतना ही नहीं, आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन भी छीन लिए और जेब में रखे 25 हजार 160 रुपये भी ले लिए. मारपीट के दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई. गोल्डी बस सर्विस के मालिक वीरेंद्र पाल सिंह उर्फ गोल्डी ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया है कि इस पूरी घटना के पीछे डग्गामार बस संचालकों का एक गैंग सक्रिय है.

‘कुछ लोग अवैध वसूली करने का दबाव बना रहे थे’

बस मालिक का कहना है कि कुछ लोग लंबे समय से उनकी बसों से अवैध वसूली करने का दबाव बना रहे थे. जब उन्होंने वसूली देने से इनकार किया तो उनके खिलाफ साजिश रची गई. उन्होंने कहा कि दुर्घटना के बाद जिस तरह से कई वाहनों से पीछा किया गया और चालक-परिचालक का अपहरण किया गया, उससे साफ है कि पूरी घटना पहले से तय थी.

वहीं, घटना की शिकायत मिलने के बाद भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस वायरल वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जांच के आधार पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएंगी. फिलहाल, पुलिस जांच में जूटी है.

Follow Us

Latest Stories

4 महीने में पूरी करें भर्ती… यूपी बाल अधिकार आयोग में खाली अध्यक्ष-सदस्य पदों से HC नाराज

यमुना एक्सप्रेस-वे पर अब नहीं होगा धरना प्रदर्शन! जीरो पॉइंट से 41 KM तक का हिस्सा ‘नो प्रोटेस्ट जोन’ घोषित

25000 रुपये न मिलने पर डॉक्टर ने बच्ची की जुड़ी हड्डी दोबारा तोड़ डाली, डीएम से शिकायत का लिया बदला

यूपी में 21 स्टेट हाईवे बनेंगे फोरलेन, 80 से बढ़कर 100 KM/H हो जाएगी स्पीड लिमिट, जानें कौन-कौन सी सड़कें शामिल

लखनऊ में यहां बनेगा BJP का भव्य 6 मंजिला प्रदेश कार्यालय, हेलीपैड भी होगा; 45 करोड़ में खरीदी गई जमीन

बिजनौर में सियासी तूफान, नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद हाउस अरेस्ट, निकालने वाले थे ‘सत्ता परिवर्तन यात्रा’