नीतिन नबीन ने लखनऊ में फूंका चुनावी बिगुल, चढ़ावा चोरी पर बोले- कोई बख्शा नहीं जाएगा

भाजपा अध्यक्ष नीतिन नबीन ने लखनऊ में 2027 यूपी विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंका. उन्होंने सांसदों-विधायकों को कमर कसने और मेरिट पर टिकट मिलने के निर्देश दिए. राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर सख्ती दिखाते हुए उन्होंने कहा कि दोषी बख्शे नहीं जाएंगे. नबीन ने कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़ने और सरकार की उपलब्धियां घर-घर पहुंचाने का मंत्र दिया.

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन ने शनिवार को लखनऊ के फाइव स्टार होटल में आयोजित कोर कमेटी की बैठक को संबोधित किया. इसमें उन्होंने सभी सांसदों और विधायक को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कस लेने के निर्देश दिए. कहा कि आज से ही सभी लोग चुनावी मोड में आ जाएं. वहीं विधानसभा टिकट को लेकर भी उन्होंने स्थिति साफ कर दी. कहा कि हरेक प्रत्याशी का मूल्यांकन होगा और मेरिट के आधार पर टिकट मिलेगा.

इस मौके पर बीजेपी अध्यक्ष ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर भी बयान दिया. कहा कि बहुत ही घिनौना कांड है. इसमें दोषी कोई भी हो, बख्शा नहीं जाएगा. एक दिन में तीन अहम बैठकों में संगठन, जनसंपर्क और अनुशासन पर फोकस करते हुए नीतिन नबीन ने विधायकों-सांसदों को जनता के बीच रहने, पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और उनका निस्तारण कराने को कहा.

घर-घर पहुंचाएं सरकार की उपलब्धियां

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को धार देने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतिन नबीन ने रविवार को राजधानी लखनऊ पहुंचे. यहां उन्होंने ताबड़तोड़ तीन अहम बैठकें की. संगठन और जनप्रतिनिधियों को चुनावी रणनीति समझाईं और कहा कि अब समय कम है. सभी जनप्रतिनिधि और संगठन चुनावी मोड में आ जाएं. पार्टी की रणनीति के तहत जनता के बीच जाएं और सरकार की उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाएं.

जनता से संवाद से जीते जाते हैं चुनाव

उन्होंने कहा कि चुनाव केवल सरकार के कामों से नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधियों के व्यवहार और जनता से उनके संवाद से भी जीते जाते हैं. उन्होंने निर्देश दिया कि विधायक और सांसद नियमित रूप से अपने क्षेत्रों में जाएं, जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनें तथा उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं. राष्ट्रीय अध्यक्ष ने नेताओं को अनुशासन का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि आपसी बयानबाजी और सार्वजनिक टिप्पणियों से बचें. यदि किसी प्रकार का मतभेद या समस्या है तो उसे मीडिया के बजाय पार्टी मंच पर रखें. संगठन हर बात सुनेगा, लेकिन सार्वजनिक विवाद से पार्टी की छवि प्रभावित नहीं होनी चाहिए.

चढ़ावा चोरी पर दिखाई सख्ती

बैठक में बीजेपी अध्यक्ष राम मंदिर में चढ़ावा चोरी पर सख्त नजर आए. कहा कि यह घटना हर सनातनी को आहत करने वाली है. इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि जो हुआ, वह दुर्भाग्यपूर्ण है और इसकी निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के अनुसार दंड मिलेगा. इस मामले में उन्होंने विपक्ष पर भी प्रहार किया. कहा कि उन्हें उपदेश देने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है. उन्होंने रामभक्तों पर गोलियां चलवाई, और वो आज मंदिर के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं.

संगठन से सरकार तक का मंथन

राष्ट्रीय अध्यक्ष की पहली बैठक भाजपा प्रदेश मुख्यालय में हुई. इसमें प्रदेश पदाधिकारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और संगठन के प्रमुख पदाधिकारी शामिल हुए. दूसरी बैठक होटल ताज में सांसदों और विधायकों के साथ हुई, जबकि तीसरी और सबसे अहम बैठक भाजपा की कोर कमेटी की रही. इसमें मुख्यमंत्री, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश संगठन महामंत्री, राष्ट्रीय महामंत्री बीएल संतोष तथा पार्टी के शीर्ष नेता मौजूद रहे. तीनों बैठकों में संगठनात्मक मजबूती, 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति, सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने और अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर विस्तृत चर्चा हुई.

Follow Us